तिनसुकिया में EDUSPORT Premier League – Season III का शानदार आगाज : मारवाड़ी युवा मंच तिनसुकिया शाखा के तीन दिवसीय खेल महोत्सव का क्रीक8 टर्फ पार्क में भव्य शुभारंभ
बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक दिखेगा खेल प्रतिभा का दम : अध्यक्ष सीए अर्पित केड़िया ने तिनसुकियावासियों से परिवार सहित जुड़ने का किया आह्वान

तिनसुकिया, 03 जुलाई : खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और समाज में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, तिनसुकिया शाखा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “EDUSPORT Premier League – Season III” का आज भव्य शुभारंभ किया गया। माकुम रोड स्थित क्रीक8 टर्फ पार्क, तिनसुकिया में आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ इस बहुप्रतीक्षित खेल महोत्सव की शुरुआत हुई। यह प्रतियोगिता 03 जुलाई से 05 जुलाई, 2026 तक आयोजित की जा रही है।

स्वागत भाषण के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
उद्घाटन समारोह की शुरुआत मारवाड़ी युवा मंच तिनसुकिया शाखा के अध्यक्ष सीए अर्पित केड़िया के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों, अतिथियों और सदस्यों का अभिनंदन करते हुए कहा कि EDUSPORT Premier League केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल, एकता और उत्साह का महासंगम है।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हर आयु वर्ग के लोगों को खेलों से जोड़ना है, जहाँ बच्चे, महिलाएँ, युवा और वरिष्ठजन अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे।

‘खेल समाज को जोड़ने का सबसे सुंदर माध्यम’ — सीए अर्पित केड़िया
अपने संबोधन में शाखा अध्यक्ष सीए अर्पित केड़िया ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह अनुशासन, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच को विकसित करते हैं। उन्होंने तिनसुकियावासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने परिवार के साथ इस खेल महोत्सव में शामिल हों, खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं और इस पारिवारिक आयोजन को यादगार बनाएं।

खेल भावना की शपथ और राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, निष्पक्षता और सम्मान के साथ खेलने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।
EDUSPORT Premier League – Season III का पहला मुकाबला अंडर-17 क्रिकेट वर्ग से प्रारंभ हुआ, जिसमें युवा खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मंच पदाधिकारियों और सदस्यों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, तिनसुकिया शाखा के अध्यक्ष सीए अर्पित केड़िया, सचिव युवा देविदत्त लोहिया, संयुक्त सचिव युवा अंकुर गोयल, कार्यकारिणी सदस्य युवा तुषार अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक युवा गिरीश पेरिवाल एवं युवा पंकज अग्रवाल, सह-संयोजक युवा अंशित अग्रवाल एवं युवा निकुंज जालान, पूर्व अध्यक्ष अजय त्रिवेदी सहित शाखा के अनेक कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति रही।

तीन दिनों तक रहेगा खेल और उत्साह का माहौल
मारवाड़ी युवा मंच, तिनसुकिया शाखा ने सभी तिनसुकियावासियों से आग्रह किया है कि वे 03 से 05 जुलाई तक चलने वाले EDUSPORT Premier League – Season III में अपने परिवार के साथ उपस्थित होकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएं और खेल भावना से जुड़े इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दें।
आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी, बल्कि समाज में आपसी जुड़ाव, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी फैलाएगी।




