असम के शिवसागर जिले में 89.27 प्रतिशत रहा हायर सेकेंडरी रिजल्ट : 10 वीं के बाद 12 वीं में भी श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल ने रचा नया इतिहास

शिवसागर, असम: एएचएसईसी द्वारा घोषित 12 वीं कक्षा के नतीजों में शिवसागर जिले ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिले में तीनों स्ट्रीम में कुल 7383 परीक्षार्थियों में से 6586 सफल रहे। जिले का परिणाम कुल 89.27 प्रतिशत रहा। जिले में आर्ट्स स्ट्रीम के 5489 परीक्षार्थियों में से 87.12% प्रतिशत के साथ 4782 उत्तीर्ण हुए हैं। साइंस स्ट्रीम के 1400 परीक्षार्थियों में से 97.36% प्रतिशत के साथ 1363 उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं कॉमर्स स्ट्रीम के 494 परीक्षार्थियों में से 89.27% प्रतिशत परिमाण के साथ 441 उत्तीर्ण हुए हैं। जिले में वोकेशनल स्ट्रीम में 100% उत्तीर्ण दर दर्ज की गई। आर्ट्स स्ट्रीम में पिछले साल की तुलना में उत्तीर्ण दर में थोड़ी कमी देखी गई।
शिवसागर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल ने मैट्रिक के बाद अब हायर सेकेंडरी परीक्षा में भी बनाया नया रिकॉर्ड बनाया है। श्री मारवाड़ी पंचायत जन दातव्य समिति की शैक्षणिक इकाई श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल ने हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में लगातार दूसरे वर्ष 100% सफलता हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 2026 की हायर सेकेंडरी परीक्षा में स्कूल के कॉमर्स स्ट्रीम के सभी 9 छात्र-छात्राएं सफल रहे। स्कूल से इस साल एचएस परीक्षा देने वाले कुल 9 परीक्षार्थियों में से 7 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में और 2 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। जिनमें से 1 छात्रा को डिस्टिंक्शन और 4 छात्रों को स्टार मार्क्स मिले हैं। स्कूल की मेधावी छात्रा मुस्कान कुमारी शर्मा 84.2 प्रतिशत अंकों के साथ डिस्टिंक्शन हासिल कर स्कूल टॉपर रही है। इसके साथ ही महक अहमद, आनंद कुमार शाह, ज्योतिष हिलोईधारी, अंजली कुमारी शाह, अंशुमान शाह, कंचन यादव ने प्रथम स्थान और मयंक तोषनीवाल एवं सिद्धार्थ यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। स्कूल का मैट्रिक और एचएस परीक्षा में लगातार शानदार प्रदर्शन एक बड़ी उपलब्धि है। यह उपलब्धि इसलिए भी उल्लेखनीय है क्योंकि वर्ष 2025 में भी स्कूल के एचएस परीक्षार्थियों के पहले बैच ने भी 100% उत्तीर्ण दर हासिल की थी। इसके अलावा स्कूल मैट्रिक परीक्षा में पिछले 21 वर्षों से लगातार 100% परिणाम देता आ रहा है। इस बड़ी सफलता पर गर्वित समाज ने अभिभावक संस्था श्री मारवाड़ी पंचायत समिति, स्कूल प्रबंध समिति, शिक्षक शिक्षिकाओं के सतत प्रयासों की सराहना की है। इस लगातार सफलता ने पूरे असम में स्कूल की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी है। लोगों का कहना है कि श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल समूचे असम के शैक्षणिक क्षेत्र के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।
अभिभावक संस्था श्री मारवाड़ी पंचायत जन दातव्य समिति के अध्यक्ष पवन केजरीवाल एवं सचिव संजय अग्रवाल तथा स्कूल प्रबंध समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष विनीत अग्रवाल एवं सचिव यश्मी काबरा राठी ने इस उपलब्धि के लिए स्कूल के प्रिंसिपल नगेन दास, वाइस प्रिंसिपल दिलीप बोरा, वाणिज्य संकाय की प्रमुख रीमा बुखरेडिया सहित शिक्षिका निलांजना पॉल एवं अंकिता पुजारी सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं, मेधावी छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
इस साल एचएस परिणामों में शिवसागर जिले का कुल प्रदर्शन सन्तोषजनक रहा, जबकि श्री सुंदरमल मॉडर्न स्कूल ने अपनी निरंतरता और उत्कृष्टता से एक बार फिर साबित कर दिया कि समर्पण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।
स्कूल की इस उल्लेखनीय सफलता पर श्री सुंदरमल विद्यालय ट्रस्ट, मारवाड़ी सम्मेलन शिवसागर शाखा, मारवाड़ी युवा मंच शिवसागर शाखा एवं प्रगति शाखा, मारवाड़ी महिला समिति सहित कई संगठनों ने स्कूल प्रबंध समिति, शिक्षक शिक्षिकाओं और सफलता पाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी है।




