डिब्रूगढ़ में मानवता की अनूठी मिसाल : स्माइल डिब्रूगढ़ ने 500 से अधिक जरूरतमंदों के बीच बांटे हजारों कपड़े, प्रेमपूर्वक खिलाई खिचड़ी
माइजान अंचल में लगाया विशाल सेवा शिविर : बच्चों को बांटे गए बिस्कुट पैकेट : सात वर्षों से लगातार समाजसेवा में जुटी संस्था ने फिर पेश की सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल

डिब्रूगढ़, 25 मई : डिब्रूगढ़ की प्रतिष्ठित गैर सरकारी स्वयंसेवी संस्था स्माइल डिब्रुगढ़ द्वारा रविवार 24 मई को शहर के माइजान अंचल में एक विशाल सेवा एवं कपड़ा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था द्वारा आयोजित इस जनहितकारी शिविर में लगभग 500 जरूरतमंद लोगों के बीच हजारों की संख्या में कपड़ों का वितरण किया गया। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को प्रेमपूर्वक खिचड़ी परोसकर भोजन कराया गया तथा छोटे बच्चों के बीच बिस्कुट के पैकेट्स भी वितरित किए गए।
मानव सेवा को समर्पित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। स्माइल डिब्रूगढ़ के सदस्यों ने जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी आवश्यकता के अनुसार कपड़े वितरित किए। महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को अलग-अलग उपयोगी वस्त्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दे रहा था।
संस्था के अध्यक्ष संदीप केजड़ीवाल के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा शिविर में संस्था से हाल ही में जुड़े नए सदस्यों ने भी सक्रिय रूप से भाग लेकर अपना सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह एवं समर्पण भाव से कार्य किया। स्थानीय लोगों ने भी संस्था के इस सराहनीय प्रयास की जमकर प्रशंसा की तथा इसे मानवता और समाजसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संदीप केजड़ीवाल ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं असहाय लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और हमारी संस्था इसी उद्देश्य को लेकर लगातार कार्य कर रही है। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए। यदि हम सब मिलकर प्रयास करें तो समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि स्माइल डिब्रूगढ़ भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी तथा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक अध्यक्ष बजरंग तोदी ने अपने संबोधन में बताया कि स्माइल की स्थापना लगभग सात वर्ष पूर्व महज 12 सदस्यों के साथ की गई थी, जो आज बढ़कर लगभग 80 सक्रिय सदस्यों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करना भी है।
बजरंग तोदी ने बताया कि स्माइल डिब्रुगढ़ द्वारा डिब्रूगढ़ शहर तथा इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पहले भी कई बार कपड़ा संग्रह एवं वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिससे हजारों जरूरतमंद लोगों को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि संस्था सिर्फ कपड़ा वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समय-समय पर रक्तदान शिविरों का आयोजन भी करती है। इन शिविरों में संग्रहित रक्त को जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने का कार्य भी संस्था द्वारा किया जाता है। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को व्हीलचेयर, वॉकर जैसी आवश्यक चिकित्सा सहायक सामग्री भी सीमित समय के लिए उपलब्ध कराई जाती है, ताकि जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को राहत मिल सके।
ज्ञात हो कि संस्था द्वारा गत वर्षों में डिब्रूगढ़ शहर में कई स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य किया गया है। शहर की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर रंग-रोगन एवं आकर्षक चित्रकारी का कार्य भी संस्था द्वारा किया गया है, जिसकी स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की।
इसके अतिरिक्त संस्था ने जिले के मधुपुर अंचल स्थित गोरुधरिया गांव के एक विद्यालय को गोद लेकर उसे नया स्वरूप प्रदान किया। विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने, परिसर को बेहतर बनाने तथा छात्रों के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करने का उल्लेखनीय कार्य भी संस्था द्वारा किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में संस्था के इस प्रयास को लोगों ने काफी सराहा है।
कार्यक्रम के दौरान वितरित की गई खिचड़ी में समाजसेवी जय प्रकाश बेरीवाल का विशेष सहयोग रहा, जबकि बच्चों के लिए बिस्कुट वितरण में विनय जायसवाल सहित अन्य सहयोगकर्ताओं ने योगदान दिया।

कार्यक्रम के समापन पर संस्था के अध्यक्ष संदीप केजड़ीवाल तथा सचिव सुनील गाड़ोदिया ने सभी सहयोगकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में सहयोग बनाए रखने की अपील की।
स्थानीय लोगों एवं सामाजिक संगठनों ने संस्था के इस सराहनीय प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार की सेवा गतिविधियां समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। लोगों का मानना है कि ऐसे सामाजिक कार्यों से जरूरतमंदों को राहत मिलने के साथ-साथ समाज में मानवता और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
स्माइल डिब्रुगढ़ के इस सेवा अभियान ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यदि समाज के लोग मिलकर सेवा और सहयोग की भावना से कार्य करें तो जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। संस्था के लगातार जनहितकारी कार्यों से डिब्रूगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।




