ASSAMhttps://nenews24x7.com/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifSIVASAGARUncategorizedटॉप न्यूज़राज्यलोकल न्यूज़शिवसागर

असम की बेटी डॉ. कविता शर्मा को राष्ट्रीय सम्मान : देहरादून में आयोजित 38वें राष्ट्रीय स्थापना दिवस समारोह में मिला “प्रेस्टिज रिकग्नाइजेशन अवॉर्ड”

शिवसागर, 26 मई : असम की प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. कविता शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। देहरादून स्थित होटल ग्रैंड लेगेसी में 24 मई को आयोजित ऑल इंडिया इलेक्ट्रो होमियो मेडिकल एसोसिएशन के 38वें राष्ट्रीय स्थापना दिवस समारोह में उन्हें प्रतिष्ठित “प्रेस्टिज रिकग्नाइजेशन अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया।

देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे सैकड़ों चिकित्सकों और विशेषज्ञों की उपस्थिति में आयोजित इस राष्ट्रीय अधिवेशन में उत्तराखंड सरकार के आयुष मंत्री मदन कौशिक ने डॉ. कविता शर्मा को औपचारिक रूप से यह सम्मान प्रदान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि डॉ. कविता शर्मा ने असम, पूर्वोत्तर भारत तथा देश के विभिन्न हिस्सों के 50 हजार से अधिक जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों का कम समय में सफल उपचार कर एक विशिष्ट पहचान बनाई है। इसी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा और रोगियों के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।

राष्ट्रीय सम्मेलन में राजस्थान, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित कई राज्यों से आए चिकित्सकों ने अपनी-अपनी चिकित्सा पद्धतियों, रोग निदान प्रणाली और आधुनिक चिकित्सा चुनौतियों पर विस्तृत विचार प्रस्तुत किए।

चिकित्सा क्षेत्र में लगातार बढ़ता सम्मान

उल्लेखनीय है कि डॉ. कविता शर्मा पिछले कई वर्षों से अपनी विशेष उपचार पद्धति और जटिल बीमारियों के सफल इलाज के कारण पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में चर्चित रही हैं। वर्ष 2016 से अब तक उन्हें होम्योपैथी चिकित्सा क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें “हैनिमैन अवॉर्ड”, “अवॉर्ड ऑफ ऑनर” और “अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस” जैसे सम्मान शामिल हैं।

विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर उन्हें एक कुशल और समर्पित चिकित्सक के रूप में पहचान मिली है। उनके चिकित्सा कार्यों को लेकर कई राष्ट्रीय संगठनों ने भी समय-समय पर सराहना की है।

हरिद्वार में निःशुल्क चिकित्सा शिविर में दी सेवा

स्थापना दिवस समारोह से पूर्व हरिद्वार के अलीपुर बहादराबाद क्षेत्र में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा एवं औषधि वितरण शिविर में भी डॉ. कविता शर्मा ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस शिविर में उन्होंने सैकड़ों मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार सेवा प्रदान की। शिविर का उद्घाटन अलीपुर क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान ने किया।

गंगा आरती में भी हुई सहभागिता

कार्यक्रम के समापन के बाद ईएमए इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पी चौहान के मार्गदर्शन में हरिद्वार में भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में डॉ. कविता शर्मा ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में हरिद्वार इकाई के अध्यक्ष नितिन गौतम, डॉ. शर्मा के पति देवजीत काकती सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

डॉ. कविता शर्मा को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से पूरे असम, विशेषकर शिवसागर क्षेत्र में खुशी की लहर है। सामाजिक संगठनों, चिकित्सा जगत और विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे राज्य के लिए गौरव का विषय बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!