मथुरापुर में दर्दनाक हादसा : लकड़ी काटने पेड़ पर चढ़े व्यक्ति की गिरकर मौत : आम के पेड़ से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए मनोज राय घाटोवार : अस्पताल में तोड़ा दम

शिवसागर, 24 मई : चराईदेव जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत निमनागढ़ इलाके में एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार स्थानीय निमनागढ़ गांव पंचायत के वार्ड नंबर 6 निवासी 45 वर्षीय मनोज राय घाटोवार शनिवार दोपहर घर से जलावन की लकड़ी लाने के लिए मथुरापुर चाय बागान की ओर गए थे।
बताया जा रहा है कि बागान के एक स्थान पर स्थित आम के पेड़ पर चढ़कर वह लकड़ी काट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से नीचे गिर पड़े। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें मथुरापुर बागान के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर चोटों के कारण उन्हें सोनारी के राजापुखरी हॉस्पिटल रैफर कर दिया। जहां पहुंचते ही डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है। वहीं मथुरापुर पुलिस मामले की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।




