प्रतिभा और संस्कार का भव्य उत्सव : ओएनजीसी पूर्वांचल एम्प्लॉइज एसोसिएशन के “अभिनंदन 3.0-2026” कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
शिक्षा, मूल्यबोध और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश : कार्यक्रम में उपस्थित रहे उत्पल शर्मा, पापोरी चेतिया, बसंत गोगोई और उदय पासवान

शिवसागर, 25 मई : किसी भी समाज का भविष्य नई पीढ़ी की शिक्षा, सोच और संस्कारों पर निर्भर करता है। प्रतिभा को उचित सम्मान मिलने से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा और आत्मविश्वास मिलता है, वहीं समाज को भी नई उम्मीद और सकारात्मक दिशा प्राप्त होती है।
इसी उद्देश्य को लेकर ओएनजीसी पूर्वांचल एम्प्लॉइज एसोसिएशन द्वारा वर्ष 2024 से “अभिनंदन” नामक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ओएनजीसी असम परिसंपत्ति की एकमात्र मान्यता प्राप्त श्रमिक संस्था ओएनजीसी पूर्वांचल एम्प्लॉइज एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित “अभिनंदन 3.0-2026” कार्यक्रम 24 मई को शिवसागर स्थित ओएनजीसी ऑफिसर्स क्लब में गरिमामय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ओएनजीसी असम परिसंपत्ति के नियमित एवं संविदा अधिकारियों-कर्मचारियों के बच्चों तथा ओएनजीसी से जुड़े कुछ मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना था। समय के साथ यह कार्यक्रम एक विशेष पहचान बनाने में सफल हुआ है। इस आयोजन के माध्यम से संस्था न केवल प्रतिभा का सम्मान कर रही है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी और नई पीढ़ी में प्रेरणा जगाने का कार्य भी कर रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत ओएनजीसी पूर्वांचल एम्प्लॉइज एसोसिएशन के महासचिव संजीव बरुआ के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए शिक्षा और प्रतिभा के सम्मान को समाज निर्माण की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (आसू) के अध्यक्ष उत्पल शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा को “राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति” बताते हुए विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

उत्पल शर्मा ने कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं मापी जाती, बल्कि एक विद्यार्थी के भीतर अच्छे संस्कार और मानवीय गुणों का होना भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिवसागर जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पापोरी चेतिया, आटासू के केंद्रीय अध्यक्ष बसंत गोगोई तथा ओएनजीसी असम परिसंपत्ति के अधिशासी निदेशक (नामित) उदय पासवान उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने वक्तव्य में शिक्षा के वास्तविक महत्व, अनुशासन, मानवीय मूल्यों और जीवन में सफलता प्राप्त करने हेतु समर्पण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में सफल 30 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिवसागर जिले में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले सीबीएसई के प्रतिभाशाली छात्र दिव्यांकु रवि दत्ता को 99.80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर तथा सेबा बोर्ड के मेधावी छात्र दृशान दत्ता को 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों की उपलब्धि को उपस्थित लोगों ने नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।

शिक्षा और प्रतिभा को सम्मान देने की दिशा में ओएनजीसी पूर्वांचल एम्प्लॉइज एसोसिएशन की इस सकारात्मक पहल की समाज के विभिन्न वर्गों ने सराहना की।
लोगों का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना को और अधिक मजबूत करेंगे। कार्यक्रम का सुंदर संचालन रूमीन बरुआ ने किया, जबकि अंत में विश्वजीत चालीहा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।




