माहेश्वरी युवती एवं महिला संगठन की सराहनीय पहल : शिवसागर में स्वास्थ्य और फिटनेस का उत्सव : तीन दिवसीय जुम्बा वर्कशॉप में युवतियों और महिलाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
महेश नवमी महोत्सव श्रृंखला का भव्य आगाज, संगीत-नृत्य और फिटनेस के संग दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

शिवसागर, 25 मई : “स्वास्थ्य ही मानव जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति है” और “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है” इसी सकारात्मक संदेश को समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से माहेश्वरी युवती संगठन एवं माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा तीन दिवसीय निःशुल्क जुम्बा फिटनेस कार्यशाला का आयोजन किया गया।
शिवसागर शहर में यह उत्साहपूर्ण आयोजन माहेश्वरी समाज के वंशोत्पत्ति दिवस महेश नवमी महोत्सव आयोजन की श्रृंखला के औपचारिक शुभारंभ के अवसर पर आयोजित किया गया।
22 मई से 24 मई तक आयोजित इस विशेष कार्यशाला का आयोजन शिवसागर शहर के हेमचंद्र बरुवा पथ स्थित एसडीसी डांस अकादमी में किया गया। जिसमें माहेश्वरी समाज की महिलाओं, युवतियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग पचास से अधिक प्रतिभागियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को जीवंत और ऊर्जा से भरपूर बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं युवाओं को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करना, तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा नियमित व्यायाम के महत्व को समाज तक पहुंचाना था। जुम्बा जैसे आधुनिक फिटनेस माध्यम के जरिए प्रतिभागियों ने न केवल मनोरंजन का आनंद लिया बल्कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भी नई जागरूकता प्राप्त की।
कार्यशाला की प्रशिक्षक प्रसिद्ध जुम्बा इंस्ट्रक्टर दिशा बागड़ी रहीं। उन्होंने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति, आकर्षक प्रशिक्षण शैली और प्रेरणादायक मार्गदर्शन से सभी प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ ही बतौर इंस्ट्रक्टर लिडिया मराक, भैरवी गोगोई एवं निहाल गोगोई का भी विशेष सहयोग रहा।
संगीत की धुनों पर थिरकते हुए सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने फिटनेस का आनंद लिया और पूरे वातावरण में उत्साह, सकारात्मकता और ऊर्जा का संचार दिखाई दिया। प्रतिभागियों ने बताया कि इस प्रकार के फिटनेस कार्यक्रम न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि मानसिक तनाव को कम कर आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देते हैं।
जुम्बा के माध्यम से महिलाओं और युवतियों ने स्वयं को ऊर्जावान महसूस किया तथा सामूहिक गतिविधियों के जरिए आपसी एकता और उत्साह का भी अनुभव किया। प्रतिभागियों ने इस प्रकार के आयोजन को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि शिवसागर माहेश्वरी समाज के स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी दिनों में पूरे माह विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता, सेवा गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाले कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयुक्त संयोजक संध्या राठी और खूशबू मालपानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों के कुशल समन्वय एवं सक्रिय प्रयासों के कारण कार्यशाला अत्यंत व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिसमें दोनों संगठनों की सदस्याओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर माहेश्वरी युवती संगठन की अध्यक्ष मनीषा झंवर ने अपने संबोधन में कहा कि महेश नवमी हमारे लिए केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति, परंपरा और भावनाओं का प्रतीक है। हम सदैव इस पवित्र उत्सव को उत्साह, एकता और सामाजिक जागरूकता के साथ मनाते आए हैं। समाज के लोगों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना भी हमारा उद्देश्य है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है और इसी सोच के साथ महेश नवमी महोत्सव की शुरुआत फिटनेस एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम से की गई है।
कार्यक्रम के दौरान सभी आयु वर्ग की महिलाओं और युवतियों का उत्साह देखने लायक था। संगीत, नृत्य और फिटनेस के इस अनोखे संगम ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। प्रतिभागियों ने इस प्रकार के आयोजन को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि शिवसागर महेश्वरी समाज के स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी दिनों में पूरे माह विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता, सेवा गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाले कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
माहेश्वरी युवती एवं महिला संगठन द्वारा आयोजित इस प्रेरणादायक कार्यक्रम ने समाज में स्वास्थ्य, फिटनेस, सकारात्मकता और एकता का सुंदर संदेश दिया। सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों ने भी इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए इसे वर्तमान समय की आवश्यकता बताया।
माहेश्वरी युवती संगठन की अध्यक्ष मनीषा झंवर एवं सचिव संध्या राठी तथा माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष राखी साबू लाहोटी एवं सचिव निर्मला गट्टाणी ने इस कार्यशाला को सफल बनाने में सहयोग हेतु सभी का आभार जताया है।




