शिवसागर में दो मेडिकल होलसेल दुकानों में चोरी : चार चोरों ने दुकानों के दरवाजे तोड़कर किया प्रवेश : लाखों की दवाइयां और नकदी लूटी
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात : जांच में जुटी पुलिस

शिवसागर, असम: शिवसागर शहर में एक बार फिर से हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात ने स्थानीय व्यापारियों में दहशत फैला दी है। शहर के वार्ड नंबर 8 के एचसीबी रोड पर सेंट्रल मार्केट के पास स्थित दो मेडिकल होलसेल दुकानों अरविंद फार्मासिटिकल और अंजली फार्मासिटिकल में हुई चोरी की यह वारदात। अज्ञात चोरों ने मंगलवार तड़के एक ही बिल्डिंग परिसर के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर में स्थित दोनों दवा होलसेल दुकानों के दरवाजे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये की कीमती दवाइयां और नकदी लूट ली। मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने बीती रात दुकानों को निशाना बनाया। जब सुबह दुकानदारों ने दुकान खोली तो चोरी की भारी घटना का पता चला। सुबह जब दोनों व्यापारी और उनके कर्मचारी अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो उनके होश उड़ गए और तुरंत शिवसागर पुलिस को इस घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों ने दुकानों में रखी महंगी दवाइयां और उपलब्ध नकदी पर हाथ साफ कर दिया। लूट की कुल
राशि अभी सटीक रूप से बताई जा रही है, लेकिन अनुमान के अनुसार यह कई लाख रुपये में हो सकती है। चोरों ने बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर स्थित अरविंद फार्मासिटिकल के बरामदे में लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। परंतु दुकान के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में चार चोर स्पष्ट दिख रहे हैं, जो तड़के 3.05 बजे दुकानों में घुसते और सामान निकालते दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चारों चोरों ने लगभग 30 मिनट की अवधि में इस वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने 2.50 बजे बिल्डिंग के मैन गेट से प्रवेश कर 3.04 बजे फर्स्ट फ्लोर पर पहुंचे और 3.15 बजे दरवाजा तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया। नकाबपोश चोर धारदार हथियार आदि के साथ ही लुट का समान संग्रह करने के लिए बड़े बड़े बैग लेकर आए थे। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। शिवसागर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपीयों की तलाश तेज कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद शिवसागर के व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया है। स्थानीय दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रशासन से माँग की है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई जाए, अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएँ और रात के समय गश्त बढ़ाई जाए। पीड़ित व्यापारियों ने बताया कि मेहनत की कमाई की कीमती दवाइयां और नकदी एक रात में चोरी हो गई। हम व्यापारी अब डर के माहौल में काम कर रहे हैं।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इन चोरों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत सूचित करें। फुटेज के आधार पर चोरों की तस्वीरें जल्द जारी की जा सकती हैं। शिवसागर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। ऐसी घटनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था और व्यापारियों के विश्वास पर असर पड़ रहा है।




