Welcome to NE NEWS 24X7   Click to listen highlighted text! Welcome to NE NEWS 24X7
SIVASAGARधर्मयुवाराज्यलोकल न्यूज़शिवसागर

शिवसागर से चौथी बार निकलेगी भव्य खाटू श्याम निशान यात्रा : “टीम दरबार सांवरिया का” हाजरी लगाएगा खाटू धाम में : “खाटू से बुलावा आया है 4.0” को लेकर श्याम भक्तों में उत्साह, जुलाई में सैकड़ों श्रद्धालु होंगे शामिल

शिवसागर, 25 मई : शिवसागर के श्याम भक्तों के लिए बाबा के दरबार में हाजरी लगवाने का सुनहरा अवसर आया है। ऊपरी असम के श्याम भक्तों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुकी “टीम दरबार सांवरिया का” द्वारा इस वर्ष भी भव्य खाटू श्याम निशान यात्रा “खाटू से बुलावा आया है 4.0” का आयोजन किया जा रहा है।

लगातार चौथे साल आगामी 12 जुलाई से शुरू होने वाली इस आध्यात्मिक यात्रा को लेकर शिवसागर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्याम भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि शिवसागर का टीम दरबार सांवरिया वर्षों से श्याम भक्ति के प्रचार-प्रसार एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से भक्तों के बीच विशेष स्थान बनाए हुए है। संस्था से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जुड़े हुए हैं और नियमित रूप से बाबा श्याम की सेवा एवं भक्ति गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।

जानकारी के अनुसार शिवसागर स्थित श्री श्याम मंदिर निराला धाम की स्थापना से पहले मारवाड़ी पट्टी स्थित मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी में कलियुग के अवतार माने जाने वाले खाटू नरेश खाटू श्याम की मूर्ति स्थापित की गई थी। तभी से टीम दरबार सांवरिया का द्वारा मंदिर में विराजमान बाबा की विशेष सेवा की जा रही है।

बताया जाता है कि संस्था के सदस्य प्रतिदिन दरबार में हाजरी लगाने पहुंचते हैं और श्रद्धा और भक्तिभाव से अपने बाबा का बागा बदलते हैं तथा नियमित आरती एवं मेवा-मिष्ठान के भोग के साथ बाबा को रिझाने का कार्य करते हैं। भक्ति एवं सेवा की इसी भावना ने टीम को श्याम भक्तों के बीच एक अलग पहचान दिलाई है।

इसी भक्ति परंपरा को आगे बढ़ाते हुए टीम दरबार सांवरिया द्वारा पहली बार “खाटू से बुलावा आया है” नामक निशान यात्रा का आयोजन किया गया था, जिसे श्रद्धालुओं का भरपूर समर्थन मिला। लगातार बढ़ती श्रद्धा और उत्साह को देखते हुए इस वर्ष चौथी बार “खाटू से बुलावा आया है 4.0” यात्रा आयोजित की जा रही है।

संस्था की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार यात्रा में इस बार भी भारी संख्या में श्रद्धालु श्याम भक्त शामिल होंगे। यात्रा की शुरुआत 12 जुलाई को होगी, जब सभी यात्री रेलमार्ग से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहां से श्रद्धालु रिंगस पहुंचेंगे और 14 जुलाई की देर शाम खाटू धाम पहुंचेंगे।

खाटू पहुंचने के बाद श्रद्धालु कुछ समय विश्राम करेंगे, जिसके पश्चात रात्रि 8:15 बजे से टीम दरबार सांवरिया एवं अन्य श्याम प्रेमियों द्वारा भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इस दौरान बाबा श्याम के मधुर भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

15 जुलाई को सभी श्रद्धालु खाटू धाम में बाबा श्याम के दर्शन एवं धार्मिक गतिविधियों का आनंद लेंगे। इसके बाद उसी रात 1:15 बजे (16 जुलाई) रिंगस स्थित निशान भवन से गाजे-बाजे, डीजे एवं जयकारों के साथ भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी।

श्रद्धालु हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर नाचते-गाते खाटू धाम के लिए रवाना होंगे और बाबा को निशान अर्पित करेंगे। इसी के साथ “खाटू से बुलावा आया है 4.0” यात्रा का समापन होगा।

यात्रा को लेकर श्याम भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। संस्था के सदस्यों का कहना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्तों को एक सूत्र में जोड़ने वाला आध्यात्मिक महोत्सव है।

यात्रा में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु या अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए अनुपम कर 9954977555 एवं राजा चांडक 9557331355 से संपर्क कर सकते हैं। धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से टीम दरबार सांवरिया लगातार श्याम भक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। संस्था द्वारा आयोजित इस भव्य निशान यात्रा को लेकर शिवसागर के श्याम भक्तों में अभी से भारी उत्साह एवं श्रद्धा का माहौल देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!