ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नोखा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : लगातार दूसरे दिन नशा तस्करों पर शिकंजा, 58 ग्राम स्मैक और 25.34 ग्राम एमडी के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार : एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त, पुलिस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी

नोखा, 25 जून : बीकानेर जिले में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार रात स्मैक की बड़ी खेप पकड़ने के बाद बुधवार को नोखा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25.34 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (MD) के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
मंगलवार रात 58 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत मंगलवार रात नोखा के मोहनपुरा क्षेत्र में पुलिस ने एक किराए के मकान पर दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान में अवैध मादक पदार्थों का भंडारण और बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारा और आरोपी रामस्वरूप बिश्नोई को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान मौके से 609 पुड़ियों में भरी हुई स्मैक बरामद की गई। सभी पुड़ियों को एकत्र कर तौलने पर कुल 58 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
उप निरीक्षक मोहनलाल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
कार्रवाई का नेतृत्व उप निरीक्षक मोहनलाल ने किया। टीम में हेड कांस्टेबल सतीश, मोहर सिंह, कांस्टेबल पवन, संजय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में जुटी पुलिस, सप्लाई नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि स्मैक कहां से लाई गई थी तथा इसकी आपूर्ति किन-किन लोगों तक की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
बुधवार को फिर बड़ी कार्रवाई, 25.34 ग्राम एमडी बरामद
स्मैक बरामदगी के महज कुछ घंटों बाद बुधवार को नोखा पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। थानाधिकारी अरविंद कुमार भारद्वाज के निर्देशन में उप निरीक्षक कुशलाराम के नेतृत्व में गठित टीम ने सुजानगढ़ रोड स्थित श्री बालाजी मोटर एंड सर्विस सेंटर के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई की।

इस दौरान पुलिस ने रामप्रताप बिश्नोई (46 वर्ष) तथा श्रवण पारीक (31 वर्ष) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी नोखा तहसील के जसरासर थाना क्षेत्र के काकड़ा गांव के निवासी हैं। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 25.34 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई।
तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद मादक पदार्थ के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार (RJ-13 CA-4497) को भी जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप
नोखा पुलिस की लगातार दो दिनों में हुई इन बड़ी कार्रवाइयों ने नशा तस्करी से जुड़े गिरोहों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
नशे के खिलाफ सख्त संदेश
बीकानेर जिला पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई यह संकेत दे रही है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे की आपूर्ति श्रृंखला और इससे जुड़े अन्य संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।




