देरगांव मारवाड़ी समाज द्वारा नवनिर्वाचित विधायक डॉ. मृदुल कुमार दत्त का भव्य अभिनंदन समारोह आज 25 जून को शाम 6.30 बजे मारवाड़ी पंचायत धर्मशाला में होगा आयोजन : समाजबंधुओं से अधिकाधिक उपस्थिति की अपील
विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों को भी विधायक के स्वागत का अवसर

देरगांव, 24 जून : देरगांव विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक डॉ. मृदुल कुमार दत्त के सम्मान में देरगांव मारवाड़ी समाज की ओर से एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। वृहत्तर मारवाड़ी समाज के तत्वावधान में आयोजित यह गरिमामयी कार्यक्रम बृहस्पतिवार 25 जून को शाम 6:30 बजे स्थानीय मारवाड़ी पंचायत धर्मशाला, देरगांव में संपन्न होगा।
मारवाड़ी समाज के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप काबरा एवं सीए नयन भड़ेच ने संयुक्त रूप से यह जानकारी देते हुए बताया कि समाज की ओर से आयोजित इस विशेष समारोह का उद्देश्य नवनिर्वाचित विधायक का सम्मान करना तथा समाज और जनप्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना है।
समाज की एकता और गरिमा प्रदर्शित करने का अवसर
आयोजकों ने समाज के सभी पुरुष एवं महिला सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, सामाजिक चेतना और संगठनात्मक शक्ति को प्रदर्शित करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता से यह कार्यक्रम यादगार एवं सफल बनेगा।
विभिन्न संगठनों को भी मिलेगा स्वागत का अवसर
आयोजकों के अनुसार देरगांव एवं आसपास के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक संस्थाएं, सभा, समिति एवं संगठन भी इस अवसर पर विधायक डॉ. मृदुल कुमार दत्त का अभिनंदन एवं स्वागत कर सकते हैं।
इसके लिए संबंधित संगठनों को पूर्व सूचना सीए नयन भड़ेच को उपलब्ध करानी होगी, ताकि कार्यक्रम की रूपरेखा और स्वागत क्रम को सुव्यवस्थित ढंग से निर्धारित किया जा सके।
सभी समाजबंधुओं को किया गया आमंत्रित
देरगांव मारवाड़ी समाज की ओर से आयोजित इस विशेष समारोह में समाज के सभी सदस्य, वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा वर्ग एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को सादर आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों ने कहा कि समाज के सहयोग, सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से यह अभिनंदन समारोह निश्चित रूप से सफल होगा तथा समाज और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद, सहयोग और विकास की नई संभावनाओं को भी बल मिलेगा।
देरगांव मारवाड़ी समाज द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह क्षेत्र के सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में एक महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति की संभावना व्यक्त की जा रही है।
देरगांव से दीपक जैन की रिपोर्ट।




