देरगांव में महेश नवमी पर श्रद्धा, संस्कृति और प्रतिभा सम्मान का भव्य संगम : प्रभात फेरी, रुद्राभिषेक, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का हुआ अभिनंदन
माहेश्वरी समाज की तीनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में मारवाड़ी सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी में संपन्न हुए विविध आयोजन

देरगांव, 25 जून : भगवान महेश (भगवान शिव) के प्राकट्य दिवस महेश नवमी के पावन अवसर पर देरगांव माहेश्वरी सभा, देरगांव माहेश्वरी महिला संगठन तथा देरगांव माहेश्वरी युवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में मारवाड़ी सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी परिसर में एक दिवसीय धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। पूरे दिन आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में समाज के महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति, सामाजिक एकता तथा नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला।

प्रभात फेरी के साथ हुआ शुभारंभ
महेश नवमी समारोह का शुभारंभ प्रातःकाल भगवान महेश के जयघोष एवं भक्ति गीतों के साथ निकाली गई प्रभात फेरी से हुआ। समाजबंधुओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ इसमें भाग लेते हुए भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इसके उपरांत प्रातः 11 बजे भगवान महेश का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया तथा सामूहिक रूप से भगवान महेश की आरती कर समाज एवं विश्व के सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की गई।

मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
सायंकाल आयोजित सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं सहित सीए (CA), सीएस (CS) तथा अन्य व्यावसायिक एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले माहेश्वरी समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समाज के वरिष्ठजनों ने विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें समाज का गौरव बताया।
वीणा बलदेवा को मिला विशेष सम्मान
पूर्वोत्तर माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा महेश नवमी के उपलक्ष्य में आयोजित स्वरचित गीत प्रतियोगिता में देरगांव शाखा की प्रतिभागी श्रीमती वीणा बलदेवा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर शाखा एवं समाज का गौरव बढ़ाया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर देरगांव शाखा द्वारा उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपस्थित समाजबंधुओं ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का भी हुआ अभिनंदन
अखिल भारतीय माहेश्वरी संगठन के तत्वावधान में स्वर्णीय बाल किशोरी विकास समिति द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित मंत्र उच्चारण प्रतियोगिता, कथा वाचन प्रतियोगिता तथा ‘मेरी अच्छी आदतें’ विषयक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले देरगांव के प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों एवं किशोरों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

सफल आयोजन पर सभी का जताया आभार
महेश नवमी के सभी कार्यक्रम मारवाड़ी सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी में अत्यंत श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुए। आयोजन की सफलता पर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष श्याम भट्टर एवं सचिव पवन भट्टर, माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष अंजू तोषनीवाल एवं सचिव रश्मि बलदेवा, तथा माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष श्रीकांत काबरा एवं सचिव शरद तोषनीवाल ने समाज के सभी सदस्यों, सहयोगियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता, सेवा भावना और सक्रिय सहभागिता ही ऐसे आयोजनों की सबसे बड़ी शक्ति है, जो नई पीढ़ी को संस्कृति, संस्कार और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का कार्य करती है।
देरगांव से दीपक जैन की रिपोर्ट।




