प्रवासी राजस्थानियों ने गुवाहाटी में किया मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य स्वागत : देश के कोने-कोने में बसे प्रवासी राजस्थानी लोगों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण – सीएम भजनलाल शर्मा
राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट चैप्टर और पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त आयोजन में हुआ भावपूर्ण अभिनंदन

गुवाहाटी, 12 मई : राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के असम दौरे के दौरान गुवाहाटी के रेडिसन ब्लू होटल में एक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट चैप्टर और पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, महिला, सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।
समारोह की शुरुआत दिगंबर जैन महिला समिति द्वारा मंगलाचरण और स्वागत गीत की प्रस्तुति के साथ हुई। कार्यक्रम का संचालन चंद्र प्रकाश शर्मा ने किया।

मुख्यमंत्री का संबोधन : प्रवासियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के विकास में देश के कोने-कोने में बसे प्रवासी राजस्थानी लोगों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों की उद्यमशीलता, मेहनत और सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि जहां भी राजस्थानी रहते हैं, वे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं को भी जीवंत रखते हैं।
श्री शर्मा ने आगे कहा कि आप सभी प्रवासी भाई-बहन राजस्थान की शान हैं। आपकी सफलता पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट चैप्टर और उद्योगपति रतन शर्मा के प्रयासों की मैं विशेष सराहना करता हूं। राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से लाखों लोग अपनी मातृभूमि से जुड़े हुए हैं और प्रदेश के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन तथा सामाजिक उत्थान में लगातार योगदान दे रहे हैं। हमारी सरकार प्रवासियों के लिए निरंतर नई सुविधाएं और योजनाएं ला रही है ताकि आप राजस्थान में निवेश कर अपना योगदान और बढ़ा सकें। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी युवाओं को विशेष रूप से स्किल डेवलपमेंट और उद्यमिता से जोड़ने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बदलते राजस्थान की तस्वीर प्रस्तुत करते हुए राज्य में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रवासी राजस्थानी समाज से अपनी जड़ों से जुड़े रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा हाल ही में कोलकाता में राजस्थानी समाज को असम के आर्थिक विकास की धुरी बताकर समाज के योगदान की सराहना करना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राजस्थानी समाज सदैव देश की प्रगति के लिए कार्य करता आया है और आगे भी करता रहेगा।

रतन शर्मा का आह्वान: तन-मन-धन से करें योगदान
राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट चैप्टर के अध्यक्ष श्री रतन शर्मा ने कहा कि आज शुभ अवसर आया है, लंबे समय से इच्छा थी कि मुख्यमंत्री का मां कामाख्या की पावन धरा पर भव्य स्वागत किया जाए। जहां बड़ी तादाद में प्रवासी राजस्थानी समाज के लोग उनसे सीधा संवाद कर सकें। उन्होंने अत्यंत ही कम समय में प्रेषित सूचना पर जुटे समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम सभी तन, मन और धन से राजस्थान के विकास में अपना योगदान दें। फाउंडेशन के माध्यम से हम अपनी मातृभूमि के प्रति दायित्व निभा सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों को अपनी सभ्यता, संस्कृति तथा परंपराओं से जोड़े रख सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में फाउंडेशन की गतिविधियों को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

पारंपरिक असमिया अंदाज में हुआ भव्य स्वागत
वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार शर्मा और गायक बद्री व्यास ने मुख्यमंत्री का असमिया परंपरागत तरीके से स्वागत किया। फाउंडेशन के अध्यक्ष रतन शर्मा ने गामुछा भेंट कर सम्मानित किया। सचिव शंकर बिड़ला ने स्मृति चिन्ह और गुलदस्ता भेंट किया। वहीं दिनेश पारीक और विनोद जसरासरिया ने पारंपरिक असमिया फुलाम गामुछा पहनाकर अभिनंदन किया।
पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन सहित इसकी शाखाओं द्वारा मुख्यमंत्री शर्मा का असमिया फुलाम गामुछा, दुशाला, राजस्थानी केसरिया दुपट्टा, झापी और होराई भेंट कर अभिनंदन किया गया।
अष्टलक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन की ओर से असमिया फुलाम गामुछा और जापी भेंट की गई। राजस्थान फाउंडेशन की ओर से पांच गणमान्य व्यक्तियों ने भी पारंपरिक असमिया फुलाम गामुछा और गुलदस्ता भेंट कर सम्मान किया।
मंच पर राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट चैप्टर के अध्यक्ष रतन शर्मा एवं सचिव शंकर बिड़ला, पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, कामरूप चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष महावीर जैन तथा असम प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष राजकुमार शर्मा (सोती) उपस्थित रहे।

संगठनों की सक्रिय भागीदारी
स्वागत समारोह में पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन, पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच, पूर्वोत्तर प्रदेशीय माहेश्वरी सभा, पूर्वोत्तर प्रदेशीय ब्राह्मण सभा, विप्र फाउंडेशन, विप्र युवा संगठन, दिगंबर जैन पंचायत एवं महिला समिति, श्वेतांबर तेरापंथ परिषद, गोलोक परिवार, धर्मार्थ परिषद, हनुमान सेवा निधि ट्रस्ट, जोराबाट मारवाड़ी परिषद, शिव फाउंडेशन, शिव युवा संगठन, हैलाकांडी तेरापन्थ सभा, जैटलैंड, मारवाड़ी युवा मंच शाखा एवं मारवाड़ी सम्मेलन शाखा आदि अनेकों संगठनों की सक्रिय सहभागिता रही।
ς
सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का संकल्प
समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने राजस्थान और पूर्वोत्तर भारत के सांस्कृतिक तथा सामाजिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम प्रवासी राजस्थानियों को अपनी जड़ों से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।




