असम की नई एनडीए 3.0 सरकार का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण : हिमंत विश्व शर्मा दूसरे कार्यकाल के लिए लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ : खानापारा में पीएम मोदी, अमित शाह और नितिन नबिन की मौजूदगी में होगा भव्य समारोह
हिमंत 2.0 सरकार में मुख्यमंत्री शर्मा के साथ चार मंत्री लेंगे शपथ : भाजपा से रामेश्वर तेली एवं अजंता नेओग, इजिप्ट से अतुल बोरा और बीपीएफ से चरण बोडो : रंजीत कुमार दास होंगे स्पीकर पद के उम्मीदवार

गुवाहाटी, 12 मई : असम में भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत आज एक भव्य और ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के साथ हो रही है। मुख्यमंत्री पद के लिए निर्वाचित डॉ. हिमंत विश्व शर्मा आज दोपहर करीब 11 बजे खानापारा के पशु चिकित्सा महाविद्यालय के खेल मैदान (वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड) में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

उनके साथ चार वरिष्ठ नेताओं—रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नेगी—को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। एनडीए ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में 126 सीटों में से 102 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बहुमत हासिल किया है, जिसमें भाजपा अकेले 82 सीटें जीती।
एनडीए 3.0 – हिमंत 2.0
असम के मुख्यमंत्री-निर्वाचित हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर यह घोषणा की। उन्होंने लिखा, “मैं यह घोषणा करते हुए प्रसन्न हूं कि मेरे निम्नलिखित चार सहयोगी कल 12 मई को मेरे साथ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गरिमामय उपस्थिति में मंत्री पद की शपथ लेंगे—श्री रामेश्वर तेली, श्री अतुल बोरा, श्री चरण बोरो, श्रीमती अजंता नेगी। मैं यह भी साझा करना चाहता हूं कि श्री रंजीत कुमार दास, माननीय विधायक, असम विधानसभा के स्पीकर पद के लिए हमारे उम्मीदवार होंगे। सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हम मिलकर एक मजबूत, विकसित और समृद्ध असम के निर्माण के लिए पूर्ण समर्पण से काम करेंगे।”
मंत्रिमंडल में शामिल प्रमुख चेहरे और उनकी पृष्ठभूमि

रामेश्वर तेली (भाजपा) : पूर्व केंद्रीय मंत्री, चाय जनजाति समुदाय से असम के प्रमुख भाजप नेता हैं। इस बार डिब्रुगढ़ जिले के 90-दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने राजनीति की शुरुआत ऑल असम टी ट्राइब स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AATTSA) से की थी। वे 2001 और 2006 में दुलियाजान से दो बार विधायक निर्वाचित हुए। 2014 और 2019 में डिब्रुगढ़ लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। मोदी सरकार में खाद्य प्रसंस्करण, फिर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री रहे। 2024 में राज्यसभा सांसद बने। 2026 के विधानसभा चुनाव में दुलियाजान से भारी मतों से जीते और अब नए मंत्रिमंडल में शामिल हो रहे हैं। वे चाय बागान क्षेत्र के हितों के मजबूत समर्थक माने जाते हैं।

अतुल बोरा (एजीपी) : एनडीए के क्षेत्रीय सहयोगी दल असम गण परिषद पार्टी के अध्यक्ष हैं। 105-बोकाखाट विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। 1996-2001 में एजीपी की प्रफुल्ल कुमार महंत सरकार में मंत्री रहे। 2016, 2021 और 2026 में बोकाखाट से लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए। 2016 से निरंतर असम सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में सेवा दे रहे हैं। उन्होंने कृषि, पशुपालन, नगर विकास और असम समझौता कार्यान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाले। क्षेत्रीय राजनीति और गठबंधन निर्माण में उनकी भूमिका अहम रही है।

चरण बोरो (बीपीएफ) : एनडीए गठबंधन का हिस्सा क्षेत्रीय सहयोगी दल बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट से बोडो क्षेत्र के प्रमुख नेता हैं। । वे उदालगुड़ी जिले के 47-माजबाट विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। 2016 में पहली बार माजबाट से विधायक निर्वाचित हुए थे। 2021 और 2026 में भारी अंतर से लगातार तीसरी बार इसी सीट से जीते हैं। अक्टूबर 2025 में हिमंत विश्व शर्मा सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल हुए और उन्होंने बोडोलैंड कल्याण तथा परिवहन जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाले। बीपीएफ को भाजपा-नेतृत्व वाले एनडीए में औपचारिक रूप से लाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। वे बोडो समुदाय के हितों के प्रमुख प्रतिनिधि हैं।

अजंता नेओग (भाजपा) : वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री। 103-गोलाघाट विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुई हैं। असम की वरिष्ठ और अनुभवी महिला नेता और राज्य की पहली महिला वित्त मंत्री रही हैं। 2001 से लगातार गोलाघाट से छठी बार विधायक चुनी गईं हैं। असम की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली महिला विधायकों में से एक। शुरू में कांग्रेस पार्टी से जुड़ी रहीं। 2001-2016 तक चार बार जीतीं। 2020 में भाजपा में शामिल हुईं और 2021 में हिमंत सरकार में वित्त तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री बनीं। 2026 चुनाव में भी भारी मतों से जीतीं। वे वित्तीय प्रबंधन और महिला सशक्तिकरण की मजबूत पैरोकार मानी जाती हैं।
ये चारों नेता असम की क्षेत्रीय राजनीति, गठबंधन और विकास कार्यों में लंबे अनुभव के साथ हिमंत 2.0 के नए मंत्रिमंडल को मजबूती प्रदान करेंगे।
स्पीकर पद के उम्मीदवार – रंजीत कुमार दास

इसके अलावा एनडीए ने भाजपा के वरिष्ठ विधायक रंजीत कुमार दास को असम विधानसभा के स्पीकर पद के लिए अपना उम्मीदवार चुना है। रंजीत कुमार दास पिछली सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विभागों का नेतृत्व कर चुके हैं।
पीएम मोदी समेत दिग्गजों की उपस्थिति, एक लाख से अधिक लोग होंगे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह को असम की राजनीति का एक यादगार आयोजन बनाने के लिए देश के शीर्ष नेता पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य केंद्रीय मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने बताया कि समारोह में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

समारोह से पहले सोमवार को मुख्यमंत्री शर्मा ने स्वयं खानापारा स्थित समारोह स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, राज्य प्रभारी हरिश द्विवेदी सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। शर्मा ने हर पहलू की तैयारियों की समीक्षा की और सुनिश्चित किया कि आयोजन बिना किसी कमी के संपन्न हो।
शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए सोमवार रात तक राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, नागालैंड के मुख्यमंत्री नीफ्यू रियो, मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह और उपमुख्यमंत्री नेमचा किपजेन, मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और दोनों उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और ज्योतिरादित्य सिंधिया, एनसीपी कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल गुवाहाटी पहुंच चुके हैं।
ऐतिहासिक जीत और विकास की नई यात्रा
असम की जनता ने विकास और प्रगति पर भरोसा जताते हुए एनडीए को लगातार तीसरी बार सत्ता सौंपी है। यह असम के इतिहास में कांग्रेस के बाहर किसी नेता के लगातार दो बार मुख्यमंत्री बनने का पहला मौका भी है। शर्मा ने कहा कि यह जिम्मेदारी और भी बड़ी है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में असम को देश का अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प के साथ तैयार हैं। कल का दिन असम के लिए गौरवशाली और मर्यादापूर्ण दिन होगा।
एनडीए की यह जीत विकास, बुनियादी ढांचे, रोजगार और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर जनता के समर्थन को दर्शाती है। नई सरकार के गठन के साथ असम अब और मजबूत, समृद्ध और समावेशी विकास की ओर अग्रसर होने वाला है।
एक ऐतिहासिक पल की ओर…
कल खानापारा पशु चिकित्सा महाविद्यालय के मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में असम की नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। यह समारोह न केवल असम बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत की राजनीति के लिए मील का पत्थर साबित होगा। असमवासी विकास की इस नई यात्रा को लेकर उत्साहित हैं।




