SIVASAGARशिवसागर

मजदूर दिवस पर मायुम शिवसागर प्रगति शाखा की सराहनीय पहल : राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाकर किया सेवा कार्य

शिवसागर / 1 मई : अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच शिवसागर प्रगति शाखा ने एक सराहनीय सामाजिक सेवा कार्य का आयोजन किया। शाखा के सदस्यों ने भीषण गर्मी में सड़कों पर काम करने वाले मजदूरों, रिक्शा चालकों, दिहाड़ी श्रमिकों और आम राहगीरों को ठंडा शरबत वितरित कर उनकी थकान दूर करने का प्रयास किया। इस पहल की स्थानीय स्तर पर खूब सराहना हो रही है।

शाखाध्यक्ष मोनालिसा आशा अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की संयोजिका निशा बागड़ी रहीं। पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में शाखा के सभी सदस्यों ने उत्साह और समर्पण के साथ भाग लिया।

शाखाध्यक्ष मोनालिसा आशा अग्रवाल ने बताया कि मजदूर दिवस हमें उन श्रमिकों के अथक योगदान को याद दिलाता है, जो समाज की नींव हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम में हमने उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए यह छोटा सा प्रयास किया है। हमारा उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सेवा और सहयोग की भावना पहुंचाना है।

कार्यक्रम की संयोजिका निशा बागड़ी ने कहा कि गर्मी से परेशान राहगीरों के चेहरों पर जब राहत की मुस्कान देखी तो पूरा प्रयास सार्थक लगा। राहगीरों, मजदूरों और रिक्शा चालकों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और मारवाड़ी युवा मंच प्रगति शाखा के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सचिव सोनम अग्रवाल, कोषाध्यक्ष बुलबुल लोहीया सहित प्रीति केजरीवाल एवं कुसुम चितावत का उल्लेखनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर मायुम शिवसागर प्रगति शाखा ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी, सामाजिक और सेवा-मूलक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया। शाखा का मानना है कि युवा शक्ति सामाजिक जिम्मेदारी निभाकर ही समाज का सच्चा विकास कर सकती है। यह जानकारी शाखा की जनसंपर्क अधिकारी कंचन खुवला द्वारा दी गई।

मायुम शिवसागर प्रगति शाखा की यह पहल मजदूर दिवस के सच्चे अर्थ को प्रतिबिंबित करती है और समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देने का उत्तम उदाहरण प्रस्तुत करती है। ऐसी पहलें न केवल तात्कालिक राहत प्रदान करती हैं, बल्कि समुदाय में सकारात्मक संदेश भी फैलाती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!