
शिवसागर / 2 मई : शिवसागर शहर में सक्रिय चोरों के हौसले एक बार फिर से बुलंद दिख रहे है। शहर के सेंट्रल मार्केट के आसपास के इलाके में बीते मंगलवार की रात दो मेडिकल होलसेल दुकानों के दरवाजे तोड़कर लाखों की चोरी की सनसनीखेज वारदात के बाद शनिवार को दिन के उजाले में दो चोरी की घटनाएं हुई हैं। जिससे स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भारी आक्रोश और चिंता फैल गई है।
एक ही इलाके में मात्र पांच घंटे के अंदर दो अलग-अलग चोरी के मामलों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना आज सुबह हुई, जब जे. पी. अग्रवाला पथ पर इंडियन बैंक के ठीक सामने सेंट्रल मार्केट स्थित एक दुकान से चोरी हो गई। स्थानीय व्यापारी सुरेंद्र सिंह की दुकान से अमूल कंपनी के दूध के दो पूरे कार्टून चोरी कर लिए गए। चोरों ने दिन के उजाले में इस वारदात को अंजाम दिया, जिससे व्यापारी समुदाय में दहशत का माहौल है।
पहली घटना के महज पांच घंटे बाद दोपहर करीब 1:30 बजे दूसरी चोरी की घटना सामने आई। जिले के नाजिरा मेजेंगा की रहने वाली पूर्वी गोगोई बाजार में खरीदारी करने आई थीं। उन्होंने अपनी AS04-D-4610 नंबर की मारुति वैन सेंट्रल मार्केट के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी की थी। चोरों ने वैन का शीशा तोड़कर अंदर रखे हजारों रुपये के सामान को चुरा लिया।

पूर्वी गोगोई ने तुरंत सदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
शिवसागर सदर थाने की पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं सुरक्षा की कमियों को उजागर करती हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई और बाजार में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। एक ही दिन में लगातार हुई ये दो घटनाएं शिवसागर के सेंट्रल मार्केट इलाके को चोरों के लिए आसान निशाना साबित कर रही हैं।
शहरवासियों ने पुलिस की सक्रियता और सक्रिय चोरों की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है, ताकि शहर के व्यापारियों और आम नागरिकों में फैली असुरक्षा की भावना दूर हो सके।




