Welcome to NE NEWS 24X7   Click to listen highlighted text! Welcome to NE NEWS 24X7
ASSAMCRIMELocal NewsSIVASAGARSTUDENTSTOP NEWSWomenक्राइमटॉप न्यूज़महिलायुवाराज्यलोकल न्यूज़शिवसागर

शिवसागर छात्रा मौत मामले में जांच तेज : ‘हॉलिडे होमस्टे’ के तीन कर्मचारी हिरासत में : पोस्टमार्टम में लिए गए 12 नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे : हत्या या आत्महत्या की गुत्थी रिपोर्ट के बाद सुलझने की उम्मीद

परिजनों ने लगाया हत्या को आत्महत्या का रूप देने का आरोप : आहोम सेना ने होमस्टे सील करने और संचालकों पर कार्रवाई की उठाई मांग

शिवसागर, 3 जुलाई : शिवसागर शहर समीपवर्ती के जयसागर पुलिस चौकी के समीप स्थित ‘हॉलिडे होमस्टे’ में 22 वर्षीय कॉलेज छात्रा कृष्णा गोगोई की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। घटना को लेकर जहां परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है, वहीं विभिन्न संगठनों ने भी प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने छात्रा का शव उसके परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद शिवसागर शहर में दिखौ नदी किनारे थाना घाट स्थित शांतिवन श्मशान घाट में गमगीन माहौल के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया।

पोस्टमार्टम में जुटाए गए 12 नमूने, फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी जांच

जोरहाट मेडिकल कॉलेज में किए गए पोस्टमार्टम के दौरान कृषा गोगोई के शरीर के विभिन्न हिस्सों से कुल 12 नमूने एकत्रित किए गए हैं। इनमें से कुछ महत्वपूर्ण नमूनों को विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

जानकारी के अनुसार करीब एक पखवाड़े के भीतर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की संभावना है। छात्रा की मौत हत्या थी या आत्महत्या, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

परिजनों का आरोप — योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश

छात्रा के परिजनों ने एक बार फिर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कृष्णा गोगोई की योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

छात्रा के पिता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला संख्या 124/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अविनाश कोंवर से लगातार पूछताछ, होमस्टे आने-जाने की बात आई सामने

मामले में गिरफ्तार युवक अविनाश कोंवर से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के अनुसार, अविनाश ने बताया कि वह पहले भी कई बार छात्रा के साथ ‘हॉलिडे होमस्टे’ आया-जाया करता था और दोनों के लिए यह स्थान परिचित था।

आरोप लगाए जा रहे हैं कि एक दिन के लिए कमरा किराए पर लेने के बाद कुछ घंटों में ही खाली कर दिया जाता था और बाद में वही कमरा अन्य ग्राहकों को दिए जाने की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

होमस्टे संचालन व्यवस्था पर उठे सवाल, रजिस्टर और CCTV जांच की मांग

जांच के दौरान होमस्टे के ग्राहक पंजीकरण रजिस्टर में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज होने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, जिस दिन छात्रा का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था, उसी दिन होमस्टे के एक अन्य कमरे में बोगीदल क्षेत्र के एक युवक और युवती के आने की बात भी सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि होमस्टे से कुछ ही दूरी पर रहने वाले लोगों द्वारा कमरा किराए पर लेने के कारणों की भी जांच होनी चाहिए।

होमस्टे की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि होमस्टे व्यवसाय की आड़ में कथित रूप से नियमों की अनदेखी और संदिग्ध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा था।

लोगों ने सवाल उठाया है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अब तक होमस्टे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई और परिसर को सील क्यों नहीं किया गया।

हालांकि इन सभी आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

हॉलिडे होमस्टे के तीन कर्मचारी हिरासत में, पूछताछ जारी

घटना के दो दिन बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए हॉलिडे होमस्टे के एक पुरुष और दो महिला सहित कुल तीन कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

मामला संख्या 124/26 के तहत पुलिस ने होमस्टे कर्मचारी बुद्ध दास, मौसुमी फुकन और दीपिका गोगोई को हिरासत में लिया। स्वास्थ्य जांच के बाद तीनों से पूछताछ शुरू कर दी गई है।

आहोम सेना की मांग — होमस्टे सील हो, संचालकों की गिरफ्तारी हो

घटना को लेकर आहोम सेना संगठन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संगठन के पदाधिकारी आयुष अंजन गोगोई ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए हॉलिडे होमस्टे को तत्काल सील किया जाना चाहिए और दोनों संचालकों बेणू अग्रवाल और अंजन बोरा से पूछताछ की जानी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि होमस्टे में लगे सभी CCTV कैमरों की पूरी फुटेज जांच के दायरे में लाई जाए, ताकि घटना से पहले और बाद की सभी गतिविधियों की जानकारी मिल सके।

अन्य होमस्टे की भी जांच की उठी मांग, आंदोलन की चेतावनी

आहोम सेना ने प्रशासन से मांग की है कि केवल हॉलिडे होमस्टे ही नहीं बल्कि रंगघर चाराली, जयसागर, धाईआली, बनियाबाड़ी और दरिकापार सहित आसपास के क्षेत्रों में संचालित अन्य होमस्टे के रिकॉर्ड एवं CCTV फुटेज की भी जांच की जाए।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं करता है, तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलनात्मक कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आने के बाद कृष्णा गोगोई की मौत से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!