
न्यूज डेस्क, 19 मई : असम पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला को 23 मई को गुवाहाटी में पूछताछ के लिए समन भेजा है। यह समन असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा से जुड़े कथित पासपोर्ट विवाद मामले में जारी किया गया है। इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा से लगभग 8 घंटे की पूछताछ हो चुकी है।
मामला क्या है ?
यह विवाद मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पासपोर्ट और नागरिकता से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोपों पर आधारित है। कांग्रेस नेताओं ने असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सार्वजनिक रूप से इन मुद्दों को उठाया था, जिसके बाद असम पुलिस ने केस दर्ज किया।
पवन खेड़ा पर इस मामले में आपराधिक शिकायत दर्ज हुई थी। उन्होंने गुवाहाटी क्राइम ब्रांच में पेश होकर पूछताछ का सामना किया। खेड़ा की पूछताछ के दौरान निकली जानकारी और बयानों के आधार पर अब जांच रणदीप सुरजेवाला तक पहुंच गई है।
इससे पहले पवन खेड़ा ने गुवाहाटी हाई कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी। जिसपर हाई कोर्ट ने 24 अप्रैल को जस्टिस पार्थिवज्योति सैकिया की सिंगल बेंच ने पवन खेड़ा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि कस्टोडियल पूछताछ जरूरी है क्योंकि खेड़ा के सहयोगियों का पता लगाना है जिन्होंने फर्जी दस्तावेज जुटाए। कोर्ट का मानना था कि यह सिर्फ मानहानि का मामला नहीं, बल्कि धारा 339 BNS के तहत गंभीर फर्जीवाड़ा का प्रथम दृष्टया मामला बनता है।
गुवाहाटी हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए खेड़ा सुप्रीम कोर्ट पहुंचे। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस जे.के. माहेश्वरी और जस्टिस ए.एस. चंदुरकर की बेंच ने अग्रिम जमानत दे दी। कोर्ट ने माना कि मामला राजनीतिक प्रतिशोध का लगता है, लेकिन खेड़ा को जांच में पूरा सहयोग करना होगा, सबूत प्रभावित नहीं करने होंगे और बिना अनुमति विदेश नहीं जाना होगा।
असम क्राइम ब्रांच ने सुरजेवाला को 23 मई को गुवाहाटी स्थित क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में हाजिर होने का निर्देश दिया है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
कांग्रेस पार्टी इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से की जा रही कार्रवाई बता रही है। पार्टी का कहना है कि असम सरकार विपक्ष को दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। वहीं सत्ताधारी भाजपा और असम सरकार इसे कानूनी प्रक्रिया बताते हुए कह रही है कि जांच निष्पक्ष तरीके से चल रही है और जो भी आरोप लगाए गए हैं, उनकी सच्चाई सामने लाई जाएगी।
रणदीप सुरजेवाला ने अभी तक इस समन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि वे कानूनी सलाह लेकर आगे बढ़ेंगे।
जांच की स्थिति
गुवाहाटी पुलिस की क्राइम ब्रांच इस पूरे मामले की जांच कर रही है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत 4/2026 केस दर्ज है। पवन खेड़ा की पूछताछ के बाद जांच का दायरा बढ़ा है, जिसके चलते सुरजेवाला को समन भेजा गया।




