शिवसागर अमोलापट्टी चोरी कांड का 24 घंटे में खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार : पशु चिकित्सक के घर से चोरी हुए सोने के आभूषण बरामद : विजय घोष और माधुर्य बोरा पुलिस के शिकंजे में
सदर थाना प्रभारी बाबुल मेधी और नगर उपनिरीक्षक देवाशीष शर्मा के नेतृत्व में सफल अभियान, बाकी गहनों की तलाश जारी

शिवसागर, 3 जुलाई : शिवसागर शहर के अमोलापट्टी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले को सुलझाते हुए शिवसागर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पशु चिकित्सक के घर हुई चोरी की वारदात के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुए सोने के कई आभूषण बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय घोष और माधुर्य बोरा के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस चोरी हुए बाकी सामान और अन्य संभावित सुरागों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।

दिनभर चली पुलिस की कार्रवाई, देर रात किराए के कमरे में छापा
जानकारी के अनुसार, शिवसागर सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बाबुल मेधी और नगर उपनिरीक्षक देवाशीष शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे दिन लगातार जांच अभियान चलाया।
तकनीकी जांच और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद देर रात पुलिस दोनों आरोपियों को साथ लेकर रंगघर चाराली क्षेत्र स्थित एक किराए के मकान में पहुंची, जहां माधुर्य बोरा और विजय घोष किराएदार के रूप में रहते थे।
पुलिस द्वारा कमरे में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान अमोलापट्टी चोरी कांड से जुड़े कुछ सोने के आभूषण बरामद किए गए।
गुरुवार को पशु चिकित्सक के घर हुई थी दिनदहाड़े चोरी
गौरतलब है कि गुरुवार को शिवसागर शहर के अमोलापट्टी स्थित बासा बुढ़ागोहांई पथ में रहने वाले पशु चिकित्सक डॉ. अपूर्व कुमार कलिता के किराए के आवास को चोरों ने निशाना बनाया था।
घटना के समय डॉ. कलिता अपने कार्यस्थल पर थे, बच्चे विद्यालय गए हुए थे और उनकी पत्नी भी अपने व्यावसायिक स्थल पर गई थीं। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

गोदरेज लॉकर तोड़कर उड़ाए थे लाखों के आभूषण
दोपहर बाद करीब तीन बजे जब डॉ. कलिता की पत्नी रश्मि रेखा बोरा घर लौटीं, तो उन्होंने दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गोदरेज अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था।
परिवार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार चोरों ने लॉकर में रखी तीन सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी सोने की कान की बालियां, एक मोबाइल फोन और नकद राशि चोरी कर ली थी।
चोरी हुए सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई थी।
सूचना मिलते ही एक्शन में आई थी शिवसागर पुलिस
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद शिवसागर सदर थाना प्रभारी बाबुल मेधी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए और अलग-अलग पहलुओं से जांच शुरू की।
तेज जांच और लगातार अभियान के चलते पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

बाकी सोने के आभूषणों की बरामदगी के लिए अभियान जारी
फिलहाल शिवसागर पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी हुए बाकी आभूषणों की बरामदगी के लिए विभिन्न स्थानों पर अभियान चला रही है।
दिनदहाड़े हुई चोरी का महज 24 घंटे में खुलासा करने पर स्थानीय लोगों ने शिवसागर पुलिस की तत्पर कार्रवाई की सराहना की है।




