https://nenews24x7.com/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifSIVASAGARक्राइमटॉप न्यूज़राज्यलोकल न्यूज़शिवसागर

चराईदेव पुलिस की बड़ी सफलता : निमोनागढ़ से 240 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

शिवसागर, 21 मई : असम पुलिस की वार ऑन ड्रग्स मुहिम के तहत चराईदेव जिले की पुलिस ने निमोनागढ़ क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 240 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की है। जिले के मथुरापुर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत निमोनागढ़ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। हेरोइन को साबुन के डिब्बों में बड़ी चतुराई से छिपाकर ले जाया जा रहा था।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की शिनाख्त शिवसागर जिले के बिहुबोर निवासी रामजन इस्लाम और
रविंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से 6 साबुन के डिब्बे में छिपाई गई संदिग्ध हेरोइन बरामद की है। जिसका वजन डिब्बों समेत कुल लगभग 240 ग्राम और डिब्बों को हटाने के बाद शुद्ध हेरोइन की मात्रा लगभग 75 ग्राम है।

चराईदेव जिले के एसएसपी सुरजीत सिंह पानेसर को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर हेरोइन लेकर जा रहे हैं। इस आधार पर चराईदेव पुलिस की टीम ने मथुरापुर थाना क्षेत्र के निमोनागढ़ में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। चराईदेव पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

बरामद हेरोइन को फॉरेंसिक लैब भेजकर जांच कराई जा रही है। पूछताछ में तस्करी का पूरा रैकेट, सप्लाई स्रोत, अन्य सहयोगी और गंतव्य स्थल का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

चराईदेव के एसएसपी सुरजीत सिंह पानेसर ने बताया कि शिवसागर जिले के असम नगालैंड सीमांतवर्ती बिहुबोर और आसपास के क्षेत्रों में ड्रग तस्करी की गतिविधियां बढ़ रही थीं। इस कार्रवाई से उस नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम सरकार पूरे राज्य में ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। चराईदेव सहित कई जिलों में लगातार ऐसी सफल कार्रवाइयां हो रही हैं।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। एसएसपी सुरजीत सिंह पानेसर ने कहा कि ड्रग तस्करी हमारे युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रही है। चराईदेव पुलिस इस पर सख्त नजर रखे हुए है। हर तस्कर को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

यह कार्रवाई न सिर्फ चराईदेव जिले बल्कि पड़ोसी शिवसागर जिले में भी ड्रग्स के खिलाफ मजबूत संदेश है। जांच जारी है और आगे की जानकारी मिलने पर अपडेट किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!