विश्व पर्यावरण दिवस पर शिवसागर अंचल महिला समिति की अनूठी पहल : एकल विद्यालय में वनयात्रा, वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन
150 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा, प्रश्नोत्तरी, बिहू नृत्य और पुरस्कार वितरण बना आकर्षण का केंद्र

शिवसागर, 7 जून : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एकल अभियान अंतर्गत शिवसागर अंचल महिला समिति द्वारा संतोक संच के एकल विद्यालय में वनयात्रा, वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और ग्रामीण समुदाय को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देना था।
कार्यक्रम में शिवसागर अंचल महिला समिति की अध्यक्षा सुमन शर्मा, सचिव अनु शर्मा, प्रभाग संस्कार प्रमुख संगीता झुरियां, कोषाध्यक्ष सुषमा झुरियां, सदस्य रेखा बाहेती एवं शोभा साहिवाला सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला परिषद की रूबी बोरा, ग्राम समिति के ग्रीन गोगोई, संच समिति के सुजीत गवाला, तिलूसन कानू, अभियान प्रमुख जुनमोनी कृमि, गतिविधि प्रमुख राखी पावल, अंचलवासी पोम्पी तांती तथा संच संस्कार परिषद की मालती बावरी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
संतोक संच के तीन एकल विद्यालयों के लगभग 150 छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। इस अवसर पर अध्यक्षा सुमन शर्मा ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए कहा कि बढ़ता वायु प्रदूषण और प्लास्टिक कचरा प्रकृति के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक प्राकृतिक रूप से नष्ट नहीं होता और लंबे समय तक मिट्टी एवं जल स्रोतों को प्रदूषित करता है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे प्लास्टिक की बोतलों, चिप्स के पैकेट और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को इधर-उधर न फेंकें तथा पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) के माध्यम से उनका उपयोग करें।
प्रभाग संस्कार प्रमुख संगीता झुरियां ने भी बच्चों को पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदूषण को कम करने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सचिव अनु शर्मा ने पर्यावरण विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे बच्चों में पर्यावरण संबंधी ज्ञान के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ी।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक बिहू नृत्य रहा। छोटी-छोटी छात्राओं ने पारंपरिक असमिया संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। महिला समिति की अध्यक्षा सुमन शर्मा ने नृत्य प्रस्तुत करने वाली बच्चियों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कार प्रदान किए।
इसके बाद सभी बच्चों के बीच जूस, फल और केक वितरित किए गए। वहीं विद्यालयों के आचार्यों को उपयोगी सामग्री के रूप में वाटर बॉटल और छाते भेंट किए गए। पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में महिला समिति द्वारा विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसमें बच्चों और उपस्थित अतिथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। अंत में शिवसागर अंचल महिला समिति की अध्यक्षा सुमन शर्मा ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं, आचार्यों, बच्चों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल बच्चों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने में सफल रहा, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति सकारात्मक संदेश देने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बना।




