“सेवा ही धर्म है” के संकल्प के साथ नई टीम ने संभाली कमान : लायंस एवं लियो क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश का भव्य इंस्टॉलेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न : 25 नए लायंस एवं 8 नए लियो सदस्यों का हुआ इंडक्शन : नई कार्यकारिणी ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
स्कूल एडॉप्शन, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, महिला कल्याण और युवा सशक्तिकरण को मिलेगी प्राथमिकता : मोहित दुगड

गुवाहाटी, 14 जून : सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से ओतप्रोत लायंस एवं लियो क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश का वार्षिक इंस्टॉलेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह रविवार को गुवाहाटी के होटल हैशटैग इन में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में लायंस एवं लियो आंदोलन से जुड़े अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि, क्लब सदस्य तथा युवा स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन लियो प्रिया अग्रवाल ने किया। समारोह का शुभारंभ लायंस इनवोकेशन, लायंस प्रार्थना एवं लियो प्रतिज्ञा के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए निवर्तमान अध्यक्ष लायन नेहा अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया तथा बीते वर्ष के दौरान क्लब द्वारा किए गए सेवा कार्यों की संक्षिप्त जानकारी दी। इसके पश्चात लायन प्रतीक किल्ला ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया।
समारोह में Immidiate Past District Governor लायन सीमा गोयनका, Past District Governor लायन सुधीर चौधरी, GMT Coordinator लायन ऋतु बांका, DG Elect लायन मनोज भाजनका, MDP-E लियो लायन मयंक सुरेका, VDG-I (E) लायन राजेश अग्रवाला तथा VDG-II (E) लायन सुजीत बुखरेड़िया सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सेवा कार्यों की उपलब्धियों का प्रस्तुत किया गया प्रतिवेदन
कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब एवं लियो क्लब की ओर से वर्ष 2025-26 में किए गए सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों का विस्तृत सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। लायन नेहा अग्रवाल एवं लियो साक्षी जैन ने अपने प्रतिवेदन में रक्तदान शिविरों, स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों, शिक्षा सहयोग कार्यक्रमों, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण एवं राहत कार्यों सहित क्लब की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया।
प्रतिवेदन में बताया गया कि क्लब ने वर्ष भर समाज के विभिन्न वर्गों तक सहायता पहुंचाने, युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने तथा सेवा कार्यों को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए निरंतर प्रयास किए।
25 नए लायंस एवं 8 नए लियो सदस्य बने परिवार का हिस्सा
इस अवसर पर वर्ष 2026-27 के लिए लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश में 25 नए सदस्यों तथा लियो क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश में 8 नए सदस्यों का औपचारिक इंडक्शन किया गया। VDG-II (E) लायन सुजीत बुखरेडिया ने सभी नए सदस्यों को संगठन की विचारधारा, सेवा मूल्यों एवं दायित्वों से परिचित कराते हुए सदस्यता ग्रहण करवाई।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लायंस इंटरनेशनल केवल एक संस्था नहीं बल्कि मानवता की सेवा का वैश्विक आंदोलन है। उन्होंने नए सदस्यों से सेवा, समर्पण और नेतृत्व के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

नई कार्यकारिणी ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
इसके पश्चात VDG-I (E) लायन राजेश अग्रवाला ने नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश के लिए अध्यक्ष लायन मोहित दुगड, सचिव लायन शुभम बाहेती एवं कोषाध्यक्ष लायन सीए अक्षत अग्रवाल तथा लियो क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश के लिए अध्यक्ष लियो अनुराग पोद्दार, सचिव लियो मृत्युंजय एवं कोषाध्यक्ष लियो सीए अक्षत अग्रवाल ने अपने-अपने पदों की शपथ ग्रहण की।
“सेवा ही धर्म है”—नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहित दुगड
अपने प्रथम संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन मोहित दुगड ने क्लब का मूल मंत्र “सेवा ही धर्म है” प्रस्तुत करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही संगठन का सर्वोच्च उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि हम केवल कार्यक्रम आयोजित करने के लिए नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य करेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और मानव सेवा के क्षेत्र में प्रभावी एवं दीर्घकालिक परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।”

उन्होंने आगामी कार्यकाल के लिए स्कूल एडॉप्शन प्रोजेक्ट, रक्तदान अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, महिला कल्याण, युवा सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान, आपदा राहत कार्य तथा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा सहायता जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की।
उन्होंने सभी सदस्यों से व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

निवर्तमान अध्यक्ष नेहा अग्रवाल के कार्यकाल की सराहना
समारोह के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष लायन नेहा अग्रवाल एवं उनकी टीम के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में क्लब ने सेवा कार्यों का उल्लेखनीय विस्तार किया तथा समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित की।
एक भावुक क्षण तब आया जब सभी सदस्यों ने मिलकर लायन नेहा अग्रवाल को उनके सफल नेतृत्व, समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए “टोकन ऑफ लव” भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को याद करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया।

“Lion of the Year” से सम्मानित हुए शुभम बाहेती
समारोह में वर्ष का प्रतिष्ठित “लायन ऑफ द ईयर” सम्मान लायन शुभम बाहेती को प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान संगठन के प्रति समर्पण, उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता, सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका तथा क्लब के विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद शुभम बाहेती ने कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि पूरी टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।

वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दिया सेवा और नेतृत्व का संदेश
एमडीपी-ई लियो लायन मयंक सुरेका ने अपने संबोधन में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में स्थायी परिवर्तन लाने के लिए युवाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
आईपीडीजी लायन सीमा गोयनका ने कहा कि सेवा कार्य केवल सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के जीवन में आशा और आत्मविश्वास जगाने का माध्यम भी हैं।
पीडीजी लायन सुधीर चौधरी ने संगठन की वैश्विक सेवा परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि लायंस इंटरनेशनल विश्व की सबसे बड़ी सेवा संस्थाओं में से एक है और प्रत्येक सदस्य समाज के लिए परिवर्तन का वाहक बन सकता है।
डीजी इलेक्ट लायन मनोज भाजनका ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की शक्ति उसकी टीम भावना, अनुशासन और सेवा संस्कृति में निहित है।

आभार ज्ञापन एवं भविष्य की योजनाएं
कार्यक्रम के अंत में सचिव लायन शुभम बाहेती ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नई टीम को मिले समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी अरविंद पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी वर्ष में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, युवा सशक्तिकरण, महिला कल्याण तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाएं संचालित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि नई टीम “सेवा ही धर्म है” के संकल्प के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहयोग, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सौहार्द, सेवा भावना, नई ऊर्जा और समाजोत्थान के संकल्प के साथ संपन्न हुआ यह समारोह आगामी वर्ष के लिए क्लब की नई दिशा और नई सोच का प्रतीक बन गया।




