शिवसागर में सनसनीखेज चोरी का मामला : चोरों ने दो घरों से 4.5 लाख रुपये से अधिक नकद और सोने के आभूषण लूटे

शिवसागर, 18 मई : शिवसागर शहर में एक बार फिर चोरी की वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। शहर के मध्य भाग में दरबार रोड के वार्ड नंबर 3 के तीनआली क्षेत्र में रविवार की रात दो पड़ोसी घरों में चोरों ने बड़े पैमाने पर लूटपाट की।
चोरों ने लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये से अधिक नकद धन और लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना इतनी सनसनीखेज है कि स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश फैल गया है।

घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित परिवारों ने बताया कि चोरों ने घर में कोई व्यक्ति न होने का फायदा उठाया। परिवार के सदस्य शाम के समय एक शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे, जिसका चोरों ने पूरा फायदा उठाया। चोरों ने घर की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और दो घरों में एक साथ लूटपाट की।

शहर के दरबार रोड निवासी अब्दुल करीम और आब्दुल रेकिब के घरों में यह चोरी हुई। अब्दुल रेकिब पेशे से एक व्यापारी हैं और उनकी हार्डवेयर का दुकान है। जिनकी दुकान से चोरों ने 4-5 लाख रुपये नकद लूट लिए। दोनों घरों से भारी मात्रा में सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान भी चोरी हो गए। घर दरबार रोड पर स्थित हैं, जो शिवसागर सदर पुलिस चौकी से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर है। इतनी निकटता के बावजूद चोरों ने निर्भय होकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि इस इलाके में पहले भी एक बार इसी तरह की चोरी की घटना हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों में पहले से ही असुरक्षा का माहौल बना हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही शिवसागर सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम सबूत जुटा रही है, सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

पीड़ित परिवार ने दुख जताते हुए कहा कि हमारा सब कुछ खत्म कर दिया। लाखों रुपये की मेहनत की कमाई और सोने के आभूषण चोरी होने से परिवार आर्थिक संकट में फंस गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है।
यह घटना शिवसागर शहर अंचल में बढ़ती चोरी की घटनाओं की एक कड़ी है, जहां पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस की सक्रियता और त्वरित जांच से उम्मीद है कि चोर जल्द पकड़े जाएंगे और लूटा हुआ सामान बरामद किया जाएगा।




