कुर्बानी पर कथित विवादित बयान के बाद पूर्व विधायक अली अकबर मियां गिरफ्तार : मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और पुलिस पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप : बिलासीपारा थाना में केस दर्ज

न्यूज डेस्क, 23 मई : असम के धुबरी जिले में ईद-उल-अजहा से पहले कुर्बानी को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के मामले में पश्चिम बिलासीपारा विधानसभा क्षेत्र के दो बार के पूर्व विधायक अली अकबर मियां को पुलिस ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। देर रात हिरासत में लेने के बाद असम पुलिस ने शनिवार तड़के कार्रवाई पूरी करते हुए बिलासीपारा थाना में मामला संख्या 163/2026 दर्ज किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूर्व विधायक पर आरोप है कि उन्होंने आगामी बकरीद के दौरान कुर्बानी के मुद्दे पर भड़काऊ और विवादित टिप्पणी की थी। आरोप यह भी है कि उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि यदि पुलिस कुर्बानी रोकने का प्रयास करेगी तो “पुलिस की भी कुर्बानी दी जाएगी।” इस बयान को लेकर इलाके में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
इसके अलावा पूर्व विधायक पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ भी कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर बयान के वीडियो और पोस्ट वायरल होने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल देर रात अली अकबर मियां के आवास पर पहुंचा। सुरक्षा घेरे में उन्हें हिरासत में लेकर धुबरी सदर थाना लाया गया, जहां रातभर पूछताछ की गई। बाद में बिलासीपारा पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनके खिलाफ घृणा फैलाने, सरकारी कर्मचारियों को धमकी देने, हिंसा भड़काने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने से जुड़े विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अब तक आधिकारिक तौर पर विस्तृत धाराओं की पुष्टि नहीं की है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
इस घटनाक्रम के बाद बिलासीपारा और आसपास के इलाकों में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भारी चर्चा का माहौल बना हुआ है। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि अली अकबर मियां धुबरी जिले की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। उनकी पत्नी फरीदा यास्मिन वर्तमान में धुबरी जिला परिषद की अध्यक्ष हैं। इस कारण यह मामला राजनीतिक रूप से भी काफी चर्चित हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार पूर्व विधायक को शनिवार को स्थानीय अदालत में पेश किया जा सकता है, जहां पुलिस आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो तथा बयान के अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।




