Welcome to NE NEWS 24X7   Click to listen highlighted text! Welcome to NE NEWS 24X7
https://nenews24x7.com/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifटॉप न्यूज़दिल्ली NCRदेश

ऋषिकेश के होटल में बड़ा हादसा : पांचवीं मंजिल से गिरी लिफ्ट, फरीदाबाद के 5 पत्रकार घायल : तेज धमाके से दहला होटल, कई की हालत गंभीर; एम्स ऋषिकेश में भर्ती

न्यूज डेस्क, 23 मई : उत्तराखंड की धार्मिक और पर्यटन नगरी ऋषिकेश में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। वीरभद्र रोड स्थित एक होटल में पांचवीं मंजिल से लिफ्ट अचानक टूटकर सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी। हादसे के समय लिफ्ट में फरीदाबाद से घूमने आए पत्रकारों का दल सवार था। दुर्घटना में 5 पत्रकार घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात के समय सभी पत्रकार होटल की पांचवीं मंजिल में भोजन करने के बाद लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज हुई और लिफ्ट की वायर टूट गई। देखते ही देखते लिफ्ट पांचवीं मंजिल से सीधे नीचे जा गिरी। होटल परिसर में जोरदार धमाके के साथ अफरा-तफरी मच गई। लोग चीख-पुकार करते हुए बाहर निकले और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

इस हादसे में वरुण कुमार, चेतन सिंह, मनोज सूर्यवंशी, जय प्रकाश, रूपेश कुमार समेत कई पत्रकार घायल हो गए। डॉक्टरों के अनुसार कुछ पत्रकारों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें निगरानी में रखा गया है। डाक्टरों के अनुसार एक पत्रकार के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है।

एम्स पुलिस चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने होटल प्रबंधन से लिफ्ट की मेंटिनेंस और सुरक्षा संबंधी दस्तावेज मांगे हैं। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी और रखरखाव में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक पत्रकारों का यह दल हरियाणा के फरीदाबाद से उत्तराखंड भ्रमण पर आया था और वीरभद्र रोड स्थित होटल “द टस्क” में ठहरा हुआ था। हादसे के बाद होटल प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप भी लगने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!