तिनसुकिया के चैंबर रोड में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात : ग्राहक बन आए युवक ने की दिनदहाड़े लाखों रुपये की लुट : सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात : पुलिस ने शातिर लुटेरे की शुरू की तलाश
शातिर लुटेरे ने दुकानदार की आंखों में धूल झोंकते हुए तीन बार खोला था कैश बॉक्स

तिनसुकिया, 8 मई : ऊपरी असम के तिनसुकिया शहर के अति व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके चैंबर रोड पर गुरुवार को दिनदहाड़े ही दोपहर करीब 2.30 बजे हुई एक लुट की घटना ने स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
शहर के चैंबर रोड स्थित प्रसिद्ध अनाज एवं खाद्य सामग्री विक्रेता ओंकारमल बंशीधर एंड कंपनी में ग्राहक का रूप धरकर आए एक 30-35 वर्षीय युवक ने दुकान मालिक की अकेली उपस्थिति का फायदा उठाते हुए शातिर लुटेरे ने दुकानदार की आंखों में धूल झोंकते हुए कैश बॉक्स से एक लाख रुपये से अधिक नकद राशि चुरा ली। यह पूरी वारदात दुकान के सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ दर्ज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, युवक दुकान में सामान्य ग्राहक की तरह पहुंचा। उसने विभिन्न खाद्य सामग्रियों की कीमतें पूछीं, कुछ सामान की सूची लिखवाई और वजन कर रखने को कहा। इसी बीच उसने तीन बार चतुराई से कैश बॉक्स खोलकर नोट निकाले और अपनी जेब में छिपा लिए। उस समय दुकान के कर्मचारी दोपहर के भोजन पर गए हुए थे और मालिक राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल अकेले दुकान संभाल रहे थे।

युवक ने बाहर जाते हुए कहा कि “सामान तैयार रखिए, मैं थोड़ी देर बाद आता हूं।” लेकिन इसीबीच जब दुकानदार ने कैश बॉक्स चेक किया तो उनकी हैरानी का ठिकाना न रहा। केश बॉक्स से लगभग एक लाख रुपये से अधिक गायब थे। घबराए व्यापारी ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज देखा तो युवक की सारी हरकतें उजागर हो गईं। फुटेज में वह बार-बार कैश बॉक्स की तरफ जाते और पैसे निकालते दिख रहा था। सीसीटीवी फुटेज में लुटेरा तीन बार कैश बॉक्स खोलकर रुपए निकलते हुए देखा गया।
दुकान मालिक ने लुट की इस घटना के संदर्भ में तिनसुकिया सदर पुलिस थाना में तुरंत शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरे की तलाश में जुट गई है।
तिनसुकिया सदर थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज की गुणवत्ता काफी अच्छी है, जिससे कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिलने की उम्मीद है। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी लगाई गई है और संदिग्ध वाहनों की तलाश की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई लूट की इस सनसनीखेज घटना ने स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल बना हुआ है। चैंबर रोड तिनसुकिया शहर का प्रमुख अनाज मंडी क्षेत्र है, जहां दिन भर भीड़ रहती है। इस घटना ने पूरे बाजार में असुरक्षा की लहर दौड़ा दी है।
स्थानीय कई व्यापारियों ने कहा कि “दिन-दहाड़े ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो व्यापार कैसे चलेगा?” उन्होंने पुलिस से बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने की मांग की है।
ओंकारमल बंशीधर एंड कंपनी चैंबर रोड पर वर्षों से स्थापित एक विश्वसनीय थोक एवं खुदरा विक्रेता है, जो अनाज, चीनी, आटा और अन्य आवश्यक वस्तुओं का कारोबार करता है।
अभी तक आरोपी फरार है। पुलिस जांच में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। यदि किसी को आरोपी के बारे में जानकारी हो तो तिनसुकिया सदर थाने से संपर्क करने की अपील की गई है।
यह घटना तिनसुकिया में हाल के दिनों में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं की कड़ी लग रही है, जिससे स्थानीय प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था सुधारने का दबाव बढ़ गया है।




