असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने राज्यपाल को दिया इस्तीफा : नई कैबिनेट बनेगी 11 मई के बाद : हैट्रिक लगाकर सत्ता में आई भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी को आमंत्रण
विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त

गुवाहाटी / 6 मई : असम विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा नीत एनडीए गठबंधन की प्रचंड बहुमत के साथ हुई जीत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया। साथ ही उन्होंने पूरे मंत्रिमंडल का इस्तीफा भी जमा किया। राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया और उन्हें नई सरकार के गठन तक केयरटेकर मुख्यमंत्री के रूप में जारी रखने का निर्देश दिया है।
एनडीए ने ऐतिहासिक हैट्रिक लगाते हुए 126 सीटों वाली असम विधानसभा में 102 सीटें जीतीं है। जिसमें भाजपा अकेले 82 सीटों पर विजयी रही। वहीं एनडीए गठबंधन की सहयोगी पार्टियों एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटें जीतीं है। राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस अब तक का सर्वाधिक खराब प्रदर्शन करते हुए मात्र 19 सीटों पर सिमट गई। यह असम में भाजपा-एनडीए की तीसरी लगातार जीत है।
राजभवन से बाहर निकलकर मीडिया से बातचीत में डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि – चुनाव आयोग ने आधिकारिक तौर पर विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए हैं और नोटिफिकेशन गवर्नर को सौंप दिया है। मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और वर्तमान विधानसभा को भंग करने का सुझाव भी दिया। राज्यपाल ने दोनों स्वीकार कर लिए और केयरटेकर मंत्रिमंडल को नई सरकार बनने तक काम करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने आगे बताया कि नए मंत्रिमंडल का गठन 11 मई के बाद ही होगा। शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को हो या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं है। हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को आमंत्रित किया है क्योंकि इस बार हमने ‘हैट्रिक विद सेंचुरी’ (102 सीटें) हासिल की है। पीएम के कार्यक्रम के अनुसार नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख तय होगी।
नए मुख्यमंत्री का फैसला विधायक दल की बैठक में होगा – शर्मा
डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने स्पष्ट किया कि अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक में होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने असम में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक इन पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद एनडीए पूर्ण रूप से राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।
हिमंत विश्व शर्मा के साथ वरिष्ठ नेता डॉ. रनोज पेगु और मानव डेका भी राजभवन गए थे।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए लिखित रूप से कहा, “डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने मुख्यमंत्री पद से तथा मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दिया। गवर्नर ने इसे स्वीकार किया और उन्हें नई सरकार के गठन तक केयरटेकर मुख्यमंत्री के रूप में जारी रखने का अनुरोध किया है।”
यह इस्तीफा चुनाव परिणामों की आधिकारिक अधिसूचना के बाद दिया गया है, जो सामान्य संवैधानिक प्रक्रिया है। नई सरकार बनने के बाद विधानसभा का पहला सत्र बुलाया जाएगा।
असम में एनडीए की शानदार जीत
2026 के चुनाव में डॉ. हिमंत विश्व शर्मा खुद जलुकबाड़ी सीट से भारी अंतर से जीते है। भाजपा ने 2021 की 60 सीट से बढ़कर इस बार 82 सीटें हासिल की है। प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की कुल 102 सीटें तीसरी बार सत्ता में वापसी सुनिश्चित करती हैं। पार्टी ने विकास, कानून-व्यवस्था और असम की पहचान को मुद्दा बनाकर प्रचार किया था।
वर्तमान में डॉ. शर्मा केयरटेकर मुख्यमंत्री के रूप में राज्य के दैनिक कार्यों को संभालते रहेंगे। नई मंत्रिपरिषद के गठन और शपथ ग्रहण की तारीख 11 मई के बाद तय होने की संभावना है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।




