
शिवसागर / 2 मई : देश के वृहत्तर मारवाड़ी समाज के युवाओं की प्रतिनिधि संस्था की मारवाड़ी युवा मंच की पूर्वोत्तर प्रांतीय इकाई के शीर्ष नेतृत्व द्वारा संगठन को अधिक गतिशीलता प्रदान करने के लक्ष्य से शाखाओं के सांगठनिक दौरे आरंभ किए गए हैं। शनिवार को पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय अध्यक्ष राज चौधरी संगठनात्मक दौरे पर ऊपरी असम के ऐतिहासिक शिवसागर पहुंचे।
इस अवसर पर शहर के मिलन मंदिर में मारवाड़ी युवा मंच शिवसागर शाखा एवं शिवसागर प्रगति शाखा के नए सत्र 2026-27 में प्रांतीय नेतृत्व की मौजूदगी में एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष के साथ तिनसुकिया से प्रांतीय उपाध्यक्ष मुख्यालय प्रशांत गोयनका, बरपेटा से प्रांतीय कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य राकेश मालू, मंडल ‘सी’ की मंडलीय उपाध्यक्ष कविता सिकतिया तथा प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य मनीष गट्टाणी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में दोनों शाखाओं द्वारा प्रांतीय अध्यक्ष राज चौधरी का पारंपरिक फुलाम गमछा पहनाकर स्वागत किया गया।

प्रांतीय अध्यक्ष राज चौधरी ने अपने संबोधन में संगठन के भीतर कनेक्टिविटी गैप को दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार सदस्यों के बीच निरंतर संवाद और कनेक्टिविटी है। हमें कनेक्टिविटी गैप को पूरी तरह समाप्त करना होगा। उन्होंने सदस्यों के बीच जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक सदस्य को संगठन के उद्देश्यों, योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराया जाए।
राज चौधरी ने असमिया समाज के साथ बढ़ती दूरियों को पाटने की दिशा में सकारात्मक सोच के साथ काम करने पर बल दिया। स्थानीय संगठनों के साथ समन्वय और सहयोग की भावना के साथ मिलजुल कर काम करने से परिस्थितियों में परिवर्तन निश्चित है।
राज चौधरी ने आगे कहा कि नए सत्र में हम सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर प्रोजेक्ट्स शुरू करेंगे। युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके नेतृत्व विकास के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने सभी शाखाओं से सक्रिय सहयोग की अपील की और कहा कि संगठन को और अधिक विस्तार देने के लिए नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने सदस्यों के बीच जागरूकता बढ़ाने, संगठन को और मजबूत बनाने तथा नए प्रोजेक्ट्स एवं गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। प्रांतीय अध्यक्ष ने उपस्थित मंच साथियों से सीधा संवाद किया।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता वृद्धि और सामाजिक सेवा कार्यों को गति देने पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बैठक में शिवसागर शाखा अध्यक्ष अंकुश केड़िया, उपाध्यक्ष अमन लाहोटी, सचिव महेश गट्टानी, कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य केशव पारीक, हेमंत अग्रवाल तथा चंपालाल तोष्णीवाल उपस्थित रहे। वहीं शिवसागर प्रगति शाखाध्यक्ष मोनालिशा आशा अग्रवाल, सचिव सोनम अग्रवाल, कोषाध्यक्ष बुलबुल लोहिया, पूर्व अध्यक्ष बिनिता बुखरेड़िया, कार्यकारिणी सदस्य श्वेता मोजिका की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के समापन पर मंडलीय उपाध्यक्ष कविता सिकतिया ने शिवसागर शाखा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सचिव को स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। प्रांतीय अध्यक्ष राज चौधरी का यह दौरा नए सत्र में संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मारवाड़ी युवा मंच पूर्वोत्तर में युवाओं को जोड़ने, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभा रहा है। राज चौधरी के नेतृत्व में आगे और शाखाओं का विस्तार तथा नए कार्यक्रमों की योजना बनाई जा रही है।




