
शिवसागर / 2 मई : पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन का प्रांतीय लघु अधिवेशन ‘समन्वय 2026’ आगामी 16 और 17 मई को ऊपरी असम के मंडल ‘ए’ की मोरानहाट शाखा के आतिथ्य में भव्य रूप से आयोजित होने जा रहा है। इस दो दिवसीय अधिवेशन का मुख्य नारा ‘सशक्त समाज, उज्जवल भविष्य’ है। मोरानहाट में तैयारियां जोरों पर हैं और पूरे प्रांत में उत्साह का माहौल है। मेजबान मोरानहाट शाखा के स्वागताध्यक्ष ओमप्रकाश गाड़ोदिया एवं स्वागत मंत्री पवन कुमार मोर के नेतृत्व में शाखाध्यक्ष बिनोद अग्रवाल, मंत्री छगनलाल माड़ोदिया एवं कोषाध्यक्ष विजय कुमार मोर की टीम ने अधिवेशन को सफल बनाने के लिए योजनाबद्ध कार्य शुरू कर दिया है।
लघु अधिवेशन में शाखाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रांतीय और मंडलीय पदाधिकारियों के दौरे जारी हैं। शुक्रवार को प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. महेश जैन, प्रांतीय संयुक्त मंत्री बिरेन अग्रवाल, मंडल ‘ए’ के मंडलीय उपाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल तथा प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य रूपचंद करनाणी ने का शिमलगुड़ी, नाजिरा गेलेकी, शिवसागर और डिमौ शाखाओं का दौरा कर शाखा प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की।
दौरे के दौरान प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. महेश जैन ने सभी सदस्यों और शाखाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सम्मेलन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और परिवारजनों को ‘समन्वय 2026’ में हार्दिक स्वागत है। यह लघु अधिवेशन केवल मात्र एक बैठक नहीं, बल्कि हमारे समाज को एकजुट करने, युवाओं को जोड़ने और सशक्त भविष्य की नींव रखने का अवसर है। मोरानहाट शाखा के आतिथ्य में हो रहे इस लघु अधिवेशन में सभी की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है। सभी को मिलकर सशक्त समाज, उज्जवल भविष्य के संकल्प को साकार करना होगा। सभी की उपस्थिति ही इस आयोजन की शोभा बढ़ाएगी।
प्रांतीय संयुक्त मंत्री बिरेन अग्रवाल ने भी सभी को आमंत्रित करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक सदस्य से विशेष अपील है कि 16-17 मई को मोरानहाट पहुंचकर ‘समन्वय 2026’ को सफल बनाएं। यह अधिवेशन हमारे संगठनात्मक मजबूती, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण रहेगा। तेल नगरी मोरानहाट की मिट्टी पर हम सब एक साथ बैठकर भविष्य की रूपरेखा तैयार करेंगे। कोई भी सदस्य या शाखा इस निमंत्रण से वंचित न रहे। आप सभी का स्वागत है – आइए समन्वय की इस यात्रा में शामिल हों।
इस दौरान शिवसागर शाखा सचिव आनंद प्रकाश केड़िया के निवास पर हुई बैठक में लघु अधिवेशन में शिवसागर शाखा की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य रूपचंद करनाणी, शाखाध्यक्ष प्रदीप कुमार खेमका, सचिव आनंद प्रकाश केड़िया, निवर्तमान अध्यक्ष विजय कुमार चित्तावत, विजय कुमार कसेरा, बिनोद झुरिया सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
प्रांतीय पदाधिकारियों ने शिमलगुड़ी तथा नाजिरा गेलेकी शाखा के प्रतिनिधियों के साथ नाजिरा गौशाला प्रांगण में महत्वपूर्ण बैठक की। जिसमें नाजिरा गेलेकी शाखाध्यक्ष अजय लाहोटी, सचिव नंदकिशोर करनानी, गोपाल हरलालका, घनश्याम शर्मा, मंटू खेतान, अमित गोपी हरलालका तथा शिमलगुड़ी शाखाध्यक्ष पवन मस्करा उपस्थित थे। प्रांतीय पदाधिकारियों ने नाजिरा गौशाला प्रागंण स्थित हनुमान मंदिर में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भी शिरकत कर लघु अधिवेशन की सफलता के लिए ईश्वर का आशीर्वाद लिया और उपस्थित समाजबंधु माता बहनों और युवाओं से चर्चा करते हुए निमंत्रण दिया।

वहीं डिमौ शाखा में जटिया निवास में हुई बैठक में शाखाध्यक्ष ओमप्रकाश बजाज, सचिव शंकर शर्मा, राजेश जटिया, बिनोद बजाज, रमेश भीमसरिया उपस्थित रहे। डिमौ शाखा द्वारा प्रांतीय नेतृत्व का परंपरागत रूप से अभिनंदन करते हुए सबसे करीबी शाखा के रूप में लघु अधिवेशन में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की छत्रछाया में कार्यरत पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन समाज की एकता, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय है। ‘समन्वय 2026’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें प्रांतीय स्तर पर विचार-विमर्श, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भावी योजनाओं पर मंथन होगा।
इधर लघु अधिवेशन की तैयारियों में जुटे मोरानहाट शाखा के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि पूरे प्रांत से बड़ी संख्या में सदस्यों की उपस्थिति में यह अधिवेशन ऐतिहासिक बनेगा।




