https://nenews24x7.com/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifSIVASAGARयुवालोकल न्यूज़शिवसागर
मारवाड़ी युवा मंच शिवसागर प्रगति शाखा ने मनाया अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस

शिवसागर 13 मई : मारवाड़ी युवा मंच शिवसागर प्रगति शाखा द्वारा अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को स्थानीय शर्मा नर्सिंग होम में एक गरिमामयी एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा में दिन-रात समर्पित भाव से कार्य करने वाली नर्सों एवं चिकित्सा कर्मियों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आभार व्यक्त करना था। इस अवसर पर शाखा की सदस्याओं ने नर्सिंग स्टाफ के सेवा भाव एवं मानवता के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें समाज का सच्चा सेवक बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गिरिराज शर्मा को सम्मानित कर की गई। शाखा की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर चिकित्सा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान तथा समाज सेवा के लिए अभिनंदन किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
इसके पश्चात शाखा अध्यक्ष मोनालिसा आशा अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सें किसी भी अस्पताल और स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं। वे मरीजों की सेवा केवल एक कर्तव्य के रूप में नहीं बल्कि मानवता और करुणा के भाव से करती हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी नर्सिंग स्टाफ जिस धैर्य, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करता है, वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी नर्सों को नर्स दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सभी नर्सिंग स्टाफ के साथ मिलकर केक काटा गया तथा खुशियां साझा की गईं। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों के बीच खाने-पीने की वस्तुओं का वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सौहार्द और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर शाखा सचिव सोनम अग्रवाल, कोषाध्यक्ष बुलबुल लोहिया, ऋचा शर्मा, बिनीता बुखरेडिया एवं नीतू बाहेती सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने नर्सिंग स्टाफ के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके अथक परिश्रम एवं समर्पण को सदैव सम्मान मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर नर्सिंग स्टाफ के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सेवा भावना के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।




