महेश नवमी महोत्सव के प्रथम चरण में उमड़ा श्रद्धा, संस्कृति और प्रतिभा का संगम : शिवसागर में माहेश्वरी समाज का भव्य उत्सव संपन्न : मेधावी विद्यार्थियों और वरिष्ठजनों का हुआ सम्मान : 23 जून को भव्य शोभायात्रा, शिव पूजन और भजन संध्या के साथ होगा महोत्सव का दूसरा चरण
स्वास्थ्य शिविर, प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक संध्या और लघु नाटक बने आकर्षण का केंद्र

शिवसागर, 22 जून : माहेश्वरी समाज के वंशोत्पत्ति दिवस “महेश नवमी” के पावन अवसर पर माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी महिला संगठन एवं माहेश्वरी युवा संगठन, शिवसागर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव का प्रथम चरण श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक एकता के वातावरण में संपन्न हुआ। धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता, प्रतिभा सम्मान एवं सांस्कृतिक मूल्यों को समर्पित इस महोत्सव में समाज के सभी वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रमों की श्रृंखला ने यह स्पष्ट किया कि महेश नवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक विरासत, संगठनात्मक शक्ति और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण उत्सव है। पूरे दिन चले विभिन्न आयोजनों में बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्वास्थ्य जागरूकता के साथ हुआ महोत्सव का शुभारंभ
महोत्सव की शुरुआत माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा स्थानीय ऐतिहासिक बोरपुखरी पार में आयोजित स्वास्थ्य शिविर से हुई। शिविर में समाज के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया तथा संतुलित जीवनशैली, योग, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ समाज की दिशा में सकारात्मक पहल करना था। इस निशुल्क शिविर का लाभ सैकड़ों लोगों ने उठाया।
प्रतियोगिताओं में दिखी रचनात्मकता और प्रतिभा की झलक
स्वास्थ्य शिविर के उपरांत स्थानीय श्री मारवाड़ी पंचायत मिलन मंदिर प्रांगण में विभिन्न आयु वर्गों के लिए चित्रकला, रंगोली, मेकअप तथा व्यंजन निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय दिया।
प्रतियोगिताओं के दौरान मिलन मंदिर का वातावरण उत्साह और रचनात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा। प्रतिभागियों की कलात्मक अभिव्यक्तियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

दीप प्रज्ज्वलन और महेश वंदना के साथ हुआ मुख्य समारोह का शुभारंभ
सायंकाल आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा सामूहिक महेश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात गणेश वंदना पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।
समारोह को संबोधित करते हुए माहेश्वरी समाज के तीनों संगठनों के पदाधिकारियों ने महेश नवमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व समाज की एकता, सेवा, संस्कार और संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक है। वक्ताओं ने युवाओं से समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाए रखने तथा नई पीढ़ी को अपने मूल्यों से जोड़ने की आवश्यकता है और महेश नवमी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
दसवीं कक्षा में सम्मानित विद्यार्थी
भूमि बाहेती, महक डागा, मानव लाहोटी, तनुश्री डागा, वाणी बिहाणी तथा यश चांडक।
बारहवीं कक्षा में सम्मानित विद्यार्थी
अनुष्का चांडक, हर्षिका डागा, जानवी करनानी, नुपुर बिन्नाणी, पीयूष बाहेती, लक्ष्य मालपानी, रणित दम्माणी, रिद्धि सोनी, रूद्र सोनी, सक्षम राठी तथा जेईई मेन्स में सफलता प्राप्त करने वाले नीरज परतानी।
व्यावसायिक एवं उच्च शिक्षा क्षेत्र में सम्मानित प्रतिभाएं
दीपिका बाहेती (आरआईआईएम, पुणे), सीए माधव बाहेती, सीए शशिकांत करनानी, सीए श्रवण मल, मानव लाहोटी (बी.टेक), निलेश बाहेती (बी.टेक) तथा डॉ. पूनम राठी (एमबीबीएस)।
समाज के वरिष्ठजनों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें समाज का गौरव बताया तथा निरंतर उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा दी।

वरिष्ठजनों का विशेष अभिनंदन
समाज के वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को सम्मानित करते हुए वरिष्ठ पुरुष वर्ग में शिव नारायण लाहोटी तथा वरिष्ठ महिला वर्ग में सुंदर देवी लाहोटी का विशेष अभिनंदन किया गया।
उन्हें समाज के प्रति उनके दीर्घकालीन योगदान, मार्गदर्शन, सेवा और प्रेरणादायी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनका अभिनंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
विशिष्ट अतिथियों का हुआ सम्मान
महोत्सव में उपस्थित विभिन्न सामाजिक एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
सम्मानित अतिथियों में वृहत्तर मारवाड़ी समाज के पंच बद्धनारायण अग्रवाल, आत्माराम अग्रवाल, दीपक खेमका, वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु शर्मा, पत्रकार केशव पारीक, श्री मारवाड़ी पंचायत जन दातव्य समिति के उपाध्यक्ष विजय कसेरा, सचिव संजय अग्रवाल, पुष्पा देवी तोषनीवाल, आमगुड़ी से राजकुमार बाहेती एवं दीपक राठी, तेजपुर से बिनोद कल्लाणी, जोरहाट से भंवरलाल मालाणी तथा सूरत से सरला तापड़िया प्रमुख रूप से शामिल रहे।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग
चित्रांकन प्रतियोगिता
ग्रुप “ए” में : दिव्यम बाहेती, सौम्या राठी, अक्षत बाहेती
ग्रुप “बी” में: उत्कर्ष गट्टाणी, विहान थिरानी, पार्थ सोनी
ग्रुप “सी” में : पूर्वांशी बागड़ी, नायरा डागा, गर्वित बिन्नाणी
ग्रुप “डी” में : हृदया चांडक, उमंग मालपानी, दिशा बागड़ी
क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर विजेता रहे।
कुकिंग प्रतियोगिता
प्रथम – रश्मि बिन्नाणी
द्वितीय – मैना देवी झंवर
तृतीय – कौशल्या देवी तोषनीवाल
रंगोली प्रतियोगिता
प्रथम – रितु बागड़ी
द्वितीय – उमा करनानी
तृतीय – दुर्गा बलदेवा
मेकअप प्रतियोगिता
प्रथम – परी बागड़ी
द्वितीय – जीविका बाहेती
तृतीय – चंचल बाहेती
फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता
प्रथम – दिनेश लाहोटी
द्वितीय – राधेश्याम राठी
तृतीय – सिद्धांत गट्टाणी
सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि सभी पुरस्कार स्वर्गीय कमला देवी गट्टाणी एवं स्वर्गीय कन्हैयालाल गट्टाणी की स्मृति में उनके परिवार द्वारा प्रदान किए गए।
‘नई सोच पुरानी रीत’ नाटक ने जीता दर्शकों का दिल
माहेश्वरी महिला संगठन एवं माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रस्तुत नाटक “नई सोच पुरानी रीत” ने सामाजिक मूल्यों और बदलते समय के बीच संतुलन का संदेश दिया। नाटक में राधेश्याम राठी, अशोक लाहोटी, मिलन राठी, निर्मला गट्टाणी एवं राधिका गट्टाणी ने प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।
वहीं युवा गायिका प्रतिभा लढ्ढा द्वारा गाए गए समाज गौरव गीत “माहेश्वरी हैं हम” पर प्रस्तुत विशेष नृत्य ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
गीत, संगीत और नृत्य की विविध प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों का मनोरंजन किया और पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

सामूहिक प्रीतिभोज में झलकी सामाजिक एकता
कार्यक्रम के समापन पर आयोजित सामूहिक प्रीतिभोज में समाज के सभी परिवारों ने एक साथ सहभागिता की। एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन ग्रहण करने की परंपरा ने सामाजिक एकता, पारिवारिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
इसके साथ ही महोत्सव के प्रथम दिवस के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
23 जून को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
महोत्सव के द्वितीय चरण के अंतर्गत मंगलवार, 23 जून को प्रातः 8 बजे शहर के थाना रोड़ स्थित श्री मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी से भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।
यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कार्यस्थल बाबा रामदेव मंदिर रूणिचाधाम शिवसागर पहुंचेगी। जहां सुबह 9.00 बजे से शिव पूजन, जलाभिषेक, महिलाओं द्वारा सामूहिक शिव महिम्न स्तोत्र पाठ, शिव आरती, प्रसाद वितरण होगा। वहीं रात्रि 9.00 बजे से देवकीनंदन भजन मंडली द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों को विश्वास है कि धार्मिक कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रहेगी और महोत्सव का दूसरा चरण भी उतनी ही भव्यता के साथ संपन्न होगा।

इन कार्यकर्ताओं ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक राजेश कुमार गट्टाणी तथा सह-संयोजक अनिल कुमार मालपानी एवं शशिकला गट्टाणी का विशेष योगदान रहा।
विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नंदकिशोर झंवर, मनीष गट्टाणी, दीपक झंवर, सचिन दम्माणी, अमन लाहोटी, नैना राठी, रेखा लाहोटी, संध्या राठी, चंचल गट्टाणी, रजनी करनानी, सरला राठी, दुर्गा करनानी, रेणु चांडक, कृष्णा मल, नंदकिशोर तोषनीवाल एवं अमित मूंधड़ा ने सफलतापूर्वक निभाई।
आभार एवं द्वितीय चरण में आमंत्रण
माहेश्वरी सभा शिवसागर के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण चांडक एवं सचिव संदीप दम्माणी, माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष राखी साबू लाहोटी एवं सचिव निर्मला गट्टाणी, तथा माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष अमित करनानी एवं सचिव राधेश्याम राठी ने महोत्सव के प्रथम चरण की सफलता में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए आभार व्यक्त करते हुए समाज के सभी परिवारों से मंगलवार 23 जून को आयोजित द्वितीय चरण के धार्मिक कार्यक्रमों में सपरिवार उपस्थित होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
यह जानकारी माहेश्वरी सभा शिवसागर के जनसंपर्क अधिकारी संतोष मालपानी द्वारा जारी विज्ञप्ति में दी गई।




