BIKANERCRIMELocal NewsNOKHARAJASTHANSTATEक्राइमराजस्थानराज्यलोकल न्यूज़

नोखा में सनसनी : नशे के लिए पैसों का विवाद बना खूनी : छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से बड़े भाई की निर्मम हत्या : पंचारिया चौक की घटना से दहला इलाका : सड़क पर लहूलुहान मिला युवक, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

नोखा, 17 जुलाई : बीकानेर जिले के नोखा कस्बे के पंचारिया चौक में गुरुवार देर रात लगभग 11.30 बजे पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर दो भाइयों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि छोटे भाई ने गुस्से में घर से कुल्हाड़ी लाकर अपने बड़े भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को पिता और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बागड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल फैल गया।

नशे के लिए पैसे मांगने से शुरू हुआ विवाद

नोखा थाना पुलिस के अनुसार मृतक हुकुमचंद उर्फ सेवाराम (32) पुत्र ओमप्रकाश ने गुरुवार रात अपने छोटे भाई जगदीश (29) से नशे के लिए पैसे मांगे थे। एएसआई बलवान सिंह ने बताया कि पैसे देने से इनकार करने पर दोनों भाइयों के बीच पहले घर के भीतर कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों घर से बाहर आकर झगड़ने लगे।

घर से कुल्हाड़ी लाकर किए ताबड़तोड़ वार

प्रारंभिक जांच के अनुसार झगड़े के दौरान आरोपी जगदीश घर के अंदर गया और वहां रखी नई कुल्हाड़ी लेकर वापस आया। इसके बाद उसने बड़े भाई हुकुमचंद पर गले और सिर को निशाना बनाकर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से हुकुमचंद सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

राहगीर ने दी सूचना, परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय निवासी सुनील भादू ने सड़क पर घायल अवस्था में पड़े हुकुमचंद को देखा और तत्काल आसपास के लोगों तथा परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पिता और अन्य परिजन घायल को तत्काल बागड़ी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी हिरासत में

वारदात की सूचना मिलते ही नोखा वृत्ताधिकारी (सीओ) जरनैल सिंह और नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए तथा हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया। आरोपी जगदीश को उसके घर से ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

घटनास्थल पर बैरिकेडिंग, पुलिस और आरएसी तैनात

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की बैरिकेडिंग कर दी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तथा राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी (RAC) का जाब्ता तैनात किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बागड़ी जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला नशे के लिए पैसे मांगने से शुरू हुए विवाद का प्रतीत होता है, लेकिन जांच केवल इसी बिंदु तक सीमित नहीं रहेगी। अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जांच की जा रही है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!