मारवाड़ी सम्मेलन सिलचर शाखा ने शुरू किया ‘प्रोफेशनल डिग्री होल्डर्स सम्मान अभियान’ : पीएच.डी. उपाधि प्राप्त डॉ. भावना बरडिया का भव्य सम्मान : शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का लिया संकल्प
सम्मेलन पदाधिकारियों ने कहा—‘समाज की प्रतिभाओं का सम्मान ही नई पीढ़ी के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा’

सिलचर, 2 जुलाई : शिक्षा, प्रतिभा और उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करने की अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मारवाड़ी सम्मेलन सिलचर शाखा ने सत्र 2025-26 के अंतर्गत ‘प्रोफेशनल डिग्री होल्डर्स सम्मान अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया।
बुधवार को मनोरंजन कॉम्प्लेक्स, सदरघाट, सिलचर में आयोजित गरिमामय समारोह में समाज की प्रतिभाशाली बेटी डॉ. भावना बरडिया (Ph.D.) को उनकी उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

पीएच.डी. उपाधि प्राप्त कर समाज का बढ़ाया गौरव
सम्मान अभियान की पहली कड़ी में डॉ. भावना बरडिया, जो जय कुमार बरडिया की सुपुत्री एवं गुवाहाटी निवासी पवन दुधेडिया की धर्मपत्नी हैं, को उनकी पीएच.डी. उपाधि प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में उन्हें उत्तरीय, स्मृति-चिह्न एवं मोमेंटो भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं। सम्मेलन पदाधिकारियों ने इसे न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि, बल्कि संपूर्ण समाज के लिए गर्व का विषय बताया।

परिवार के योगदान को भी मिला सम्मान
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि डॉ. भावना बरडिया की सफलता के पीछे उनके परिवार के योगदान को भी सम्मान दिया गया। उनके पिता जय कुमार बरडिया तथा पति पवन दूधेरिया को शिक्षा एवं शोध कार्य के दौरान उनके निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने इसे परिवार और समाज के सामूहिक सहयोग की प्रेरक मिसाल बताया।

प्रतिभाओं का सम्मान समाज की संस्कृति : सम्मेलन पदाधिकारी
कार्यक्रम में मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष मूलचंद बेद, सिलचर शाखा अध्यक्ष जय कुमार बरडिया, उपाध्यक्ष राजेंद्र जिंदल, वरिष्ठ सदस्य हनुमान जैन तथा महिला शाखा की मंत्री श्रीमती हीरा अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिभाशाली प्रोफेशनल्स का सम्मान करना सम्मेलन की गौरवशाली परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को उच्च शिक्षा, अनुसंधान और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रेरित करते हैं तथा समाज में शिक्षा, प्रतिभा और उत्कृष्टता के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत बनाते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में समाज को ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं की आवश्यकता है, जो अपने ज्ञान और कौशल से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। सम्मेलन भविष्य में भी ऐसी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता रहेगा।

प्रांतीय उपाध्यक्ष मूलचंद बेद का संबोधन
मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष मूलचंद बेद ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी शिक्षित, संस्कारित और प्रतिभाशाली युवा पीढ़ी होती है। उन्होंने कहा कि मारवाड़ी सम्मेलन सदैव शिक्षा, सेवा और संस्कार को सर्वोच्च प्राथमिकता देता आया है तथा समाज की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करना उसकी गौरवशाली परंपरा है। उन्होंने डॉ. भावना बरडिया की उपलब्धि को पूरे समाज के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि उनकी सफलता अनेक युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मेलन का ‘प्रोफेशनल डिग्री होल्डर्स सम्मान अभियान’ आने वाले समय में समाज की और भी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करेगा।

डॉ. भावना बरडिया का संबोधन
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. भावना बरडिया ने मारवाड़ी सम्मेलन, सिलचर शाखा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज द्वारा दिया गया अमूल्य आशीर्वाद और प्रेरणा है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, गुरुजनों तथा पति श्री पवन दूधेरिया के निरंतर सहयोग, विश्वास और प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का सबसे सशक्त साधन है। उन्होंने युवाओं से निरंतर अध्ययन, शोध, नवाचार और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी उपलब्धि असंभव नहीं होती। उन्होंने मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा प्रतिभाओं को सम्मानित करने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान युवा पीढ़ी में आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार करते हैं।

पीएच.डी. के साथ शिक्षा जगत में निभा रहीं महत्वपूर्ण भूमिका
डॉ. भावना बरडिया वर्तमान में यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, मेघालय (USTM) के व्यवसाय प्रशासन (Department of Business Administration) विभाग में सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने असम विश्वविद्यालय (केंद्रीय विश्वविद्यालय), सिलचर से डॉ. अमित कुमार दास के मार्गदर्शन में व्यवसाय प्रशासन विषय में पीएच.डी. पूरी की थी। उन्हें विश्वविद्यालय के 23वें दीक्षांत समारोह में औपचारिक रूप से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की गई थी।

युवा उद्यमिता पर शोध को मिली अकादमिक पहचान
डॉ. भावना बरडिया का शोध विषय “दक्षिण असम के उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों में उद्यमिता की अभिरुचि (Entrepreneurial Intention Among Students in the Institutions of Higher Education in South Assam)” रहा। इस शोध में उन्होंने यह विश्लेषण किया कि दक्षिण असम के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी उद्यमिता की ओर क्यों और कैसे प्रेरित होते हैं तथा किन सामाजिक, शैक्षणिक और मनोवैज्ञानिक कारकों का उनके निर्णय पर प्रभाव पड़ता है। उनका शोध उच्च शिक्षा संस्थानों में उद्यमिता संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने तथा नीति-निर्माताओं एवं शिक्षाविदों के लिए उपयोगी माना जा रहा है।

प्रीतिभोज में झलकी आत्मीयता
सम्मान समारोह के उपरांत पवन दूधेरिया के सौजन्य से सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों के लिए स्नेहपूर्ण प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक सौहार्द, आत्मीयता और पारिवारिक वातावरण की सुंदर झलक देखने को मिली।

सम्मान अभियान रहेगा निरंतर जारी
कार्यक्रम के अंत में मारवाड़ी सम्मेलन सिलचर शाखा के मंत्री प्रकाश चंद सुराना ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का यह ‘प्रोफेशनल डिग्री होल्डर्स सम्मान अभियान’ केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा, शोध, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, विधि, प्रबंधन तथा अन्य पेशेवर क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने का सतत अभियान है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से समाज के युवा उच्च शिक्षा और व्यावसायिक उत्कृष्टता की ओर प्रेरित होंगे तथा आने वाले समय में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगे।




