ASSAMCRIMEhttps://nenews24x7.com/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifJORHATLocal Newsक्राइमटॉप न्यूज़राज्यलोकल न्यूज़

जोरहाट में हथियारबंद बदमाशों का आतंक : वृद्ध महिला के घर में डकैती : ज्योतिपुर कोलाखोवा इलाके में देर रात सनसनीखेज वारदात : नकदी व सोने के आभूषण लेकर फरार हुए बदमाश

जोरहाट, 3 जून : जोरहाट शहर के समीप स्थित ज्योतिपुर कोलाखोवा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज डकैती की घटना सामने आई है। हथियारबंद बदमाशों के एक दल ने एक घर में घुसकर वृद्ध महिला को धमकाते हुए नकदी, सोने के आभूषण तथा अन्य मूल्यवान सामान लूट लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्योतिपुर कोलाखोवा निवासी रूबी पात्र नामक एक वृद्ध महिला घर में अकेली थीं। इसी दौरान रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दो बदमाश उनके घर में घुस आए। घर में प्रवेश करते ही आरोपियों ने महिला को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और धारदार हथियार दिखाकर उन्हें आतंकित कर दिया।

पीड़िता के अनुसार, बदमाशों ने उनकी गर्दन पर धारदार हथियार रखकर घर के विभिन्न कमरों की तलाशी ली। इसके बाद घर में रखी नकदी, सोने के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बिना किसी बाधा के मौके से भागने में सफल रहे।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर पुलिस की एक टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाए हैं तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

इधर, देर रात हुई इस साहसिक डकैती की घटना ने पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने तथा दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

जोरहाट से जितेन्द्र सोमानी की रिपोर्ट।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!