सोनारी में असम राइफल्स का बड़ा ऑपरेशन : गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई, दो युवक गिरफ्तार : पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद, पुलिस कर रही पूछताछ

शिवसागर, 26 मई : ऊपरी असम के चराईदेव जिले के सोनारी से एक बड़ी सुरक्षा कार्रवाई की खबर सामने आई है। असम-नागालैंड सीमा से सटे संवेदनशील इलाके में असम राइफल्स ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार, जिंदा गोली और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार असम राइफल्स को इनपुट मिला था कि कुछ संदिग्ध युवक इलाके में अवैध हथियारों के साथ सक्रिय हैं। इसी सूचना के आधार पर सोनारी के बनफेरा क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने सोनारी नगर निवासी अब्दुल रहीम और अभिमन्यु बनिक दास को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से एक .22 प्वाइंट पिस्टल, एक राउंड जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत हथियार और अन्य सामान को जब्त कर लिया। सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में दोनों युवकों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद हथियार किस उद्देश्य से रखा गया था और आरोपियों के किसी आपराधिक या उग्रवादी नेटवर्क से संबंध हैं या नहीं।
कार्रवाई के बाद असम राइफल्स ने दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया और विस्तृत जांच के लिए असम पुलिस के सोनारी थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से ऊपरी असम और असम-नागालैंड सीमा पर अवैध हथियारों की तस्करी तथा संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं। इससे पहले भी सोनारी और आसपास के इलाकों में हथियारों के साथ कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।




