Welcome to NE NEWS 24X7   Click to listen highlighted text! Welcome to NE NEWS 24X7
GUWAHATIhttps://nenews24x7.com/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifटॉप न्यूज़युवाराज्यलोकल न्यूज़

बुजुर्गों के चेहरों पर लौटी मुस्कान : मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी शाखा की “श्रवण कुमार यात्रा” बनी सेवा, संस्कार और संवेदना का अद्भुत उदाहरण : गुवाहाटी से नौगांव तक श्रद्धा, सम्मान और अपनत्व की अनूठी यात्रा

गुवाहाटी, 24 मई : समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को समर्पित मारवाड़ी युवा मंच की जननी गुवाहाटी शाखा द्वारा शनिवार को एक अत्यंत भावुक, प्रेरणादायक और सेवा भावना से ओत-प्रोत कार्यक्रम “श्रवण कुमार यात्रा” का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष यात्रा का उद्देश्य वृद्धाश्रमों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक वातावरण से जोड़ते हुए उन्हें अपनत्व, सम्मान और खुशी के कुछ अविस्मरणीय पल प्रदान करना था।

इस सेवा यात्रा का आयोजन स्टार टेलीकॉम के सहयोग से किया गया, जिसमें गुवाहाटी के विभिन्न वृद्धाश्रमों — नारंगी स्थित मातृ निवास ओल्ड एज होम, लालमाटी स्थित हेल्पिंग हैंड्स ओल्ड एज होम तथा सोनापुर स्थित मदर ओल्ड एज होम के लगभग 50 वृद्धजनों को विशेष रूप से शामिल किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से इन सभी वरिष्ठ नागरिकों को नौगांव जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों एवं सांस्कृतिक धरोहरों का दर्शन कराया गया।

महामृत्युंजय मंदिर से आरम्भ हुई आध्यात्मिक यात्रा

यात्रा की शुरुआत नौगांव स्थित प्रसिद्ध महामृत्युंजय मंदिर से हुई, जहाँ सभी वृद्धों ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर अलग ही संतोष और खुशी दिखाई दी। इस अवसर पर नौगांव के अतिरिक्त आयुक्त दीपांकर बर्मन भी मंदिर पहुंचे और वृद्धजनों के साथ समय बिताते हुए उनके हालचाल पूछे। उन्होंने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान और भावनात्मक सहारा देना हम सभी की जिम्मेदारी है।

बटद्रवा थान में मिला अपनत्व और आशीर्वाद

महामृत्युंजय मंदिर दर्शन के पश्चात सभी बुजुर्गों को असम के महान संत, समाज सुधारक एवं महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की पवित्र जन्मस्थली बटद्रवा थान ले जाया गया। यहाँ थान परिसर में सभी बुजुर्गों का पारंपरिक फूलाम गमछा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

बटद्रवा थान के सभापति और सचिव ने सभी आगंतुकों को थान के इतिहास, परंपराओं तथा महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के जीवन दर्शन से अवगत कराया। इस दौरान बटद्रवा पुलिस चौकी के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नौगांव-बटद्रवा क्षेत्र के विधायक रूपक शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने वृद्धाश्रम से आए वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनके साथ कुछ भावुक एवं हंसी-खुशी के पल बिताए।

विधायक रूपक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वृद्धाश्रमों में रहने वाले अकेले वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न धार्मिक स्थलों, मठों और मंदिरों का दर्शन कराने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी शाखा द्वारा शुरू की गई “श्रवण कुमार” जैसी पहल वास्तव में अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि बटद्रवा थान में उपस्थित वृद्ध माताओं का आशीर्वाद प्राप्त कर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में समाज को ऐसी संवेदनशील पहलों की अत्यधिक आवश्यकता है, जहाँ बुजुर्गों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक संबल भी मिले। उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच के प्रत्येक सदस्य को इस मानवीय पहल के लिए धन्यवाद और शुभकामनाएँ दीं।

शॉपिंग मॉल में बुजुर्गों की खुशी ने सबको किया भावुक

धार्मिक स्थलों के दर्शन के बाद सभी बुजुर्गों को नौगांव के एक शॉपिंग मॉल में ले जाया गया, जहाँ आयोजकों ने प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को एक निश्चित राशि प्रदान की और उनसे अपनी आवश्यकता एवं पसंद के अनुसार खरीदारी करने का अनुरोध किया।

यह पल यात्रा का सबसे भावुक और यादगार क्षण बन गया। किसी वृद्धा ने अपने लिए जुड़ा बनाने का सामान खरीदा, किसी ने मेखला-चादर पसंद की, तो किसी ने श्रृंगार और सजावट की वस्तुएँ लीं। वर्षों बाद स्वयं अपनी पसंद से खरीदारी करने का अवसर मिलने पर उनके चेहरे की खुशी देखते ही बन रही थी।

मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी शाखा के मंत्री लखन वर्मा ने बताया कि वृद्धों की आँखों में जो चमक और चेहरे पर जो मुस्कान दिखाई दी, वही इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता है।

“जरूरत पैसों की नहीं, खुशियों के कुछ पलों की है”

कार्यक्रम के दौरान कई बुजुर्गों की आँखें नम हो गईं। उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि जीवन में केवल भोजन और पैसों की ही जरूरत नहीं होती, बल्कि सबसे अधिक आवश्यकता प्यार, सम्मान और खुशियों के उन छोटे-छोटे पलों की होती है, जो जीवन को जीने की नई ऊर्जा देते हैं।

बुजुर्गों ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए किसी तीर्थ से कम नहीं रही और वे इन यादों के सहारे लंबे समय तक खुश रहेंगे।

स्टार टेलीकॉम की 20वीं वर्षगांठ भी मनाई गई

इस अवसर पर स्टार टेलीकॉम की 20वीं वर्षगांठ भी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। सभी ने मिलकर केक काटा और समाज सेवा के इस विशेष अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।

स्टार टेलीकॉम की ओर से उपस्थित उदित मुद्रा एवं उनकी धर्मपत्नी का पारंपरिक दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।

मेडिकल टीम रही साथ

पूरी यात्रा के दौरान बुजुर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अपोलो क्लिनिक की ओर से एक विशेष मेडिकल टीम साथ रही। शाखा अध्यक्ष आकाश शर्मा ने मेडिकल टीम का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा इस कार्यक्रम की सर्वोच्च प्राथमिकता थी।

कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

इस विशेष कार्यक्रम को सफल बनाने में नौगांव के विकास अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। वहीं गुवाहाटी शाखा की ओर से कार्यक्रम निदेशक अशोक शर्मा, कार्यक्रम संयोजक मोहित सिकरिया एवं आकाश कल्याणी ने मुख्य भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रांतीय उपाध्यक्ष मोहित मालू, शाखा मंत्री लखन वर्मा, शाखा उपाध्यक्ष अशोक शर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

यात्रा के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने नौगांव स्थित बाबा श्याम मंदिर में दर्शन कर गुवाहाटी के लिए वापसी की।

मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी शाखा की यह “श्रवण कुमार यात्रा” केवल एक धार्मिक भ्रमण नहीं, बल्कि समाज को संवेदनशीलता, सेवा, संस्कार और मानवीय रिश्तों का संदेश देने वाली प्रेरणादायक पहल बनकर सामने आई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!