मदर्स डे के अवसर पर शिवसागर में बच्चों के लिए विशेष वर्कशॉप का आयोजन : माहेश्वरी महिला संगठन एवं माहेश्वरी युवती संगठन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया कार्यक्रम

शिवसागर 10 मई : मदर्स डे के उपलक्ष्य में माहेश्वरी महिला संगठन के एवं माहेश्वरी युवती संगठन शिवसागर द्वारा संयुक्त रूप से बच्चों के लिए एक विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बच्चों की रचनात्मकता को निखारने और उनमें मां के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाने का एक सुंदर माध्यम बना।
कार्यक्रम में दोनों संगठनों की सदस्यों ने बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मार्गदर्शन किया। वर्कशॉप को शिक्षाप्रद एवं मनोरंजक बनाने के लिए रचनात्मक कला, हस्तशिल्प, कहानी लेखन तथा माँ-संबंधी भावनात्मक गतिविधियाँ शामिल की गईं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी माँ के प्रति प्रेम एवं सम्मान व्यक्त किया।
संगठन की सदस्याओं ने बच्चों को बताया कि मां का स्थान अनमोल है और उनके त्याग, प्रेम एवं मार्गदर्शन के बिना जीवन अधूरा है। कार्यशाला के जरिए बच्चों में मातृभक्ति के साथ-साथ रचनात्मक सोच, टीम वर्क और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया गया।

इस कार्यक्रम की प्रोजेक्ट कन्वीनर नैना राठी रहीं, जिनके कुशल नेतृत्व में पूरा आयोजन सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में माहेश्वरी महिला संगठन शिवसागर की अध्यक्ष राखी साबू लहोटी, सचिव निर्मला गट्टाणी, कोषाध्यक्ष पिंकी मालपानी तथा माहेश्वरी युवती संगठन की अध्यक्ष मनीषा झंवर, सचिव संध्या राठी एवं कोषाध्यक्ष रिचा राठी की मुख्य भूमिका रही। वहीं दोनों संगठनों की सदस्याओं नीतू बाहेती, रेखा लाहोटी, सरला राठी, निशा बागड़ी, निकिता चांडक, दृष्टि करनानी एवं खुशबू मालपानी ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागी बच्चों, अभिभावकों तथा आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। यह आयोजन मदर्स डे के अवसर पर एक सार्थक एवं यादगार प्रयास साबित हुआ, जिसमें बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और सीखने का उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया। दोनों संगठनों ने भविष्य में भी बच्चों एवं महिलाओं के उत्थान के लिए ऐसे सकारात्मक कार्यक्रमों को जारी रखने का संकल्प लिया।




