जन्मदिन नहीं, मानवता का उत्सव : 13 वर्षीय आदित्य तुनवाल ने जीते सबके दिल : काजीरंगा यूनिवर्सिटी के करीब 80 सफाई कर्मियों के साथ बांटी खुशियां : केक, भोजन और वस्त्र वितरण से दिया सम्मान का संदेश
‘दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सबसे बड़ा उपहार’ : नन्ही उम्र में बड़ी सोच— आदित्य की पहल बनी सेवा, संवेदना और इंसानियत की प्रेरणा

टियोक, 6 जुलाई : आज के आधुनिक दौर में जहां अधिकतर लोग अपना जन्मदिन होटल, रेस्टोरेंट और भव्य आयोजनों के माध्यम से मनाना पसंद करते हैं, वहीं महज 13 वर्ष के छात्र आदित्य तुनवाल ने अपने जन्मदिन को एक अलग और यादगार रूप देकर समाज के सामने संवेदनशीलता और मानवता की सुंदर मिसाल पेश की।
होली फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 7 के छात्र आदित्य तुनवाल ने अपने 4 जुलाई के जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे समाज के उन मेहनतकश लोगों को समर्पित किया, जिनके प्रयासों से हमारा परिवेश स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहता है।

विद्यालय के बाद सफाई कर्मियों के बीच पहुंचकर साझा की खुशियां
अपने विद्यालय में सहपाठियों के साथ जन्मदिन मनाने के बाद आदित्य शाम करीब 5 बजे काजीरंगा यूनिवर्सिटी पहुंचे। यहां उन्होंने विश्वविद्यालय में कार्यरत लगभग 80 सफाई कर्मचारियों के बीच अपना जन्मदिन मनाया।
आदित्य ने सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर केक काटा, सभी के साथ भोजन साझा किया और उनके साथ खुशी के पल बिताए। इस अवसर पर जरूरतमंद लोगों के बीच सामूहिक रूप से वस्त्रों का वितरण भी किया गया। इस भावनात्मक पहल ने वहां मौजूद सभी लोगों के दिलों को छू लिया।

बिना किसी दिखावे के दिया सम्मान और अपनापन का संदेश
आदित्य ने बताया कि उन्होंने इस आयोजन की जानकारी पहले से किसी को नहीं दी थी। जब सफाई कर्मचारियों को पता चला कि वह अपना जन्मदिन विशेष रूप से उनके साथ मनाने आए हैं, तो वे भावुक हो गए। कई कर्मचारियों ने स्नेहपूर्वक कहा कि अगर उन्हें पहले जानकारी होती तो वे भी आदित्य के लिए कोई उपहार लेकर आते।
हालांकि आदित्य का उद्देश्य किसी प्रकार का उपहार लेना नहीं था, बल्कि उन लोगों को सम्मान देना और उनके साथ अपनी खुशियां साझा करना था, जिनका योगदान अक्सर समाज की नजरों से दूर रह जाता है।

‘उनकी मुस्कान ही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार’— आदित्य
अपने अनुभव को साझा करते हुए आदित्य तुनवाल ने कहा कि आज का दिन मेरे जीवन का सबसे यादगार जन्मदिन बन गया। मुझे यहां जितना अपनापन, प्यार और आशीर्वाद मिला, उसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। मुझे महसूस हुआ कि जन्मदिन की असली खुशी तभी है, जब हम अपनी खुशियां उन लोगों के साथ बांटें, जो अक्सर समाज की नजरों से ओझल रह जाते हैं। उनके चेहरों पर आई मुस्कान ही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है।

सफाई कर्मचारियों ने दिया आशीर्वाद, उज्ज्वल भविष्य की कामना की
कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मचारियों ने आदित्य को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कई कर्मचारियों ने भावुक होकर कहा कि अपने लंबे कार्यकाल में यह पहला अवसर था, जब किसी बच्चे ने उनके बीच आकर अपना जन्मदिन मनाया और उन्हें इतना सम्मान व अपनापन दिया।
उन्होंने कहा कि आदित्य की इस पहल ने उन्हें यह एहसास कराया कि समाज में उनके कार्य और योगदान को भी सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है।

कम उम्र में सेवा भावना की सोच बनी प्रेरणा
आदित्य तुनवाल की इस अनोखी पहल की क्षेत्र के लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि इतनी कम उम्र में समाज के प्रति संवेदनशील सोच, सेवा की भावना और हर व्यक्ति को सम्मान देने का यह प्रयास अन्य बच्चों एवं युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

जन्मदिन के अवसर पर खुशियां बांटने, जरूरतमंदों की सहायता करने और सफाई कर्मचारियों को सम्मान देने की यह पहल केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि मानवता, समानता और सामाजिक उत्तरदायित्व का मजबूत संदेश बन गई।




