शिवसागर के बेतबारी द-गांव में बड़ी चोरी : शिक्षक दंपति के सूने घर को निशाना बनाकर लाखों के सोने के आभूषण ले उड़े चोर : खिड़की की ग्रिल काटकर घर में घुसे बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

शिवसागर, 23 मई : शिवसागर जिले के बेतबारी द-गांव इलाके में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने गांव निवासी शिक्षक दंपति लक्षी बोरपात्रगोहांई और हिरण्या बोरपात्रगोहांई के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब शिक्षक लक्षी बोरपात्रगोहांई और उनके परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। इसी मौके का फायदा उठाकर अज्ञात चोर घर में घुस गए और अलमारी में रखे बहुमूल्य आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
परिजनों के मुताबिक चोरी हुए गहनों में सोने की चेन, दो जोड़ी पारंपरिक ‘बारुवती’, एक जोड़ी सोने कान के झूमके, सोने के कंगन तथा सोने की अंगूठियां शामिल हैं। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि चोरों ने घर की खिड़की की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया। घटना से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरी की वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
खास बात यह है कि इससे पहले भी पिछले वर्ष लक्षी बोरपात्रगोहांई के घर में चोरी की घटना हुई थी। लगातार दूसरी बार एक ही घर को निशाना बनाए जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।




