एकादशी के पावन अवसर पर माहेश्वरी महिला संगठन शिवसागर की सेवा भावना : बाबा रामदेव मंदिर के समक्ष आयोजित होगा भव्य शरबत वितरण कार्यक्रम

शिवसागर, 27 मई : धार्मिक आस्था, सेवा भावना और सामाजिक समर्पण के प्रतीक पावन एकादशी पर्व के अवसर पर माहेश्वरी महिला संगठन शिवसागर द्वारा आज शहर में भव्य शरबत वितरण सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह सेवा कार्यक्रम शहर के हॉस्पिटल रोड़ स्थित बाबा रामदेव मंदिर रूणिचाधाम के आगे आयोजित हुआ। जहां राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं आमजन को भीषण गर्मी से राहत प्रदान करने हेतु शीतल शरबत वितरित किया गया।
संगठन की सचिव निर्मला गट्टाणी से बताया कि एकादशी जैसे पुण्य अवसर पर सेवा कार्य को विशेष महत्व देते हुए समाज में मानव सेवा और परोपकार की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि माहेश्वरी समाज के वंशोत्पत्ति दिवस महेश नवमी पर्व के उपलक्ष्य में माहेश्वरी समाज के चारों संगठनों तक पूरे महीने तक धारावाहिक रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष राखी साबू लाहोटी एवं सचिव निर्मला गट्टाणी के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम को लेकर सदस्याओं में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में महिला संगठन की कोषाध्यक्ष पिंकी मालपानी, पूर्व अध्यक्ष शशिकला गट्टाणी, पूर्व सचिव सरिता मूंधड़ा, निशा बागड़ी, रेखा लाहोटी, खुशबू मालपानी, रितु बाहेती, मधु मालपानी सहित बड़ी संख्या में संगठन की सदस्याओं ने उपस्थित रहकर सेवा कार्य में अपनी सहभागिता निभाई।
संगठन की महिलाओं ने कहा कि समाज सेवा ही सच्ची धर्म साधना है और इसी उद्देश्य के साथ यह आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के जरिए पदाधिकारियों ने “सहभागिता ही सेवा की शक्ति है” और सामूहिक प्रयासों से ही समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाया।
गौरतलब है कि माहेश्वरी महिला संगठन समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन करता रहा है। विशेष पर्वों एवं धार्मिक अवसरों पर जरूरतमंदों की सहायता, प्रसाद वितरण, जल सेवा एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन लगातार समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
एकादशी के इस पावन अवसर पर आयोजित यह शरबत वितरण कार्यक्रम न केवल श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाई, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों का संदेश भी प्रसारित किया।




