अल्फा (स्वाधीन) के दो लिंकमैन गिरफ्तार : असम राइफल्स की टीम ने दोनो लिंकमैनों को गिरफ्तार कर चराईदेव जिला पुलिस को सौंपा : डिमौ के पालेंगी से 9 ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार हुए कट्टर अल्फाई सार्जेंट मेजर रोन्टु असम से जुड़े तार
अल्फा स्वाधीन की असम में सक्रियता को बड़ा झटका : पुलिस दोनों लिंकमैनों से पूछताछ कर अल्फा स्वाधीन के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश में जुटी

शिवसागर 9 मई : असम में एक बार फिर से सशस्त्र विद्रोही संगठन अल्फा स्वाधीन की बढ़ती सक्रियता से पुलिस और सुरक्षा बल चौकन्ने हो गए हैं। शनिवार को असम राइफल्स की टीम ने अल्फा (स्वाधीन) से जुड़े दो लिंकमैनों को गिरफ्तार कर चराईदेव जिला पुलिस को सौंप दिया है।
गौरतलब है कि शिवसागर पुलिस ने बीते बुधवार को जिले के डिमौ थाना क्षेत्र के पालेंगी से एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अल्फा (स्वाधीन) के सक्रिय और कुख्यात कैडर सार्जेंट मेजर बिरेन चेतिया उर्फ रंटू असम को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 9 ग्रेनेड, एक 9 एमएम बेरेटा पिस्तौल, 10 राउंड जिंदा गोली, नकद राशि और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए थे।
शनिवार को असम राइफल्स की टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए अल्फा (स्वाधीन) से जुड़े दोनों लिंकमैनों के तार भी कट्टर अल्फाई सार्जेंट मेजर रोन्टु असम उर्फ बिरेन चेतिया से जुड़े हैं। दोनों लिंकमैनों की पहचान सोनारी के सफराई क्षेत्र के रंगापथार गांव निवासीबअरूप चेतिया और काकतिबारी बुढ़ागोहांईबारी निवासी मनोज टिपमिया के रूप में हुई है।
वर्तमान में दोनों को सोनारी पुलिस थाने में रखकर जिला पुलिस द्वारा पूछताछ जारी है। उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार की सुबह खुफिया जानकारी के आधार पर शिवसागर पुलिस ने एसएसपी पापोरी चेतिया के नेतृत्व में जिले के डिमौ थाना क्षेत्र के पालेंगी के मालिनी ध्यानपथार इलाके में छापेमारी की।
इस दौरान बिरेन चेतिया को एक रिश्तेदार के घर में छिपे हुए पकड़ा गया। वह हाल ही में म्यांमार के अल्फा स्वाधीन के कैंप से नागालैंड के रास्ते असम आया था और यहां विस्फोटक सामग्री किसी अन्य व्यक्ति को सौंपकर आतंकी गतिविधियां अंजाम देने की योजना बना रहा था।
बिरेन चेतिया उर्फ रंटू असम (३४ वर्ष) डिब्रुगढ़ जिले के मोरान थाना अंतर्गत बेजपथार गांव का निवासी है। वह अल्फा स्वाधीन का म्यांमार में प्रशिक्षित हार्डकोर कैडर माना जाता है। पुलिस के अनुसार, वह असम में विध्वंसक गतिविधियों की तैयारी कर रहा था।
चराईदेव जिला पुलिस अब दोनों लिंकमैनों से पूछताछ कर अल्फा स्वाधीन के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश कर रही है। बिरेन चेतिया को भी आगे की जांच के लिए रखा गया है। इस गिरफ्तारी से अल्फा स्वाधीन की असम में सक्रियता पर बड़ा झटका लगा है।
यह कार्रवाई असम पुलिस की अल्फा स्वाधीन और उसके ओवरग्राउंड वर्कर्स के खिलाफ लगातार चल रही मुहिम का हिस्सा है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों की चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस की आगे की जांच से और खुलासे होने की उम्मीद है।




