विश्व पर्यावरण दिवस पर शिवसागर में अनोखी पहल : अखिल असम भोजपुरी परिषद, शिवसागर जिला समिति ने ऐतिहासिक शिव दौल परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान : “हमारी विरासत, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का दिया संकल्प

शिवसागर, 8 जून : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अखिल असम भोजपुरी परिषद की शिवसागर जिला समिति के तत्वावधान में ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के केंद्र स्थल शिव दौल परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान (क्लीनिंग ड्राइव) का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिवसागर का ऐतिहासिक शिवदोल केवल एक प्रमुख पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि असम की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक है। यह स्थान लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ क्षेत्र की गौरवशाली विरासत का भी प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

परिषद ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग शिवदोल दर्शन के लिए आने के बाद या परिसर के आसपास बैठकर प्लास्टिक की खाली बोतलें, चिप्स के पैकेट, गुटखा और अन्य खाद्य सामग्री के रैपर इधर-उधर फेंक देते हैं, जिससे न केवल परिसर की सुंदरता प्रभावित होती है बल्कि पर्यावरण भी प्रदूषित होता है। इस तरह की लापरवाही हमारी सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाती है।

स्वच्छता अभियान के दौरान उपस्थित सदस्यों ने लोगों से अपील की कि वे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की भी समान भागीदारी और जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, शिवसागर जिलाध्यक्ष बिट्टू गुप्ता, कोषाध्यक्ष राकेश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सदस्यों ने सहभागिता निभाते हुए श्रमदान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “प्लास्टिक मुक्त समाज” और “स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण” के निर्माण का संकल्प लिया। परिषद ने आम जनता से भी आह्वान किया कि वे अपने घर, मोहल्ले, सार्वजनिक स्थलों तथा धार्मिक-ऐतिहासिक परिसरों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर पर्यावरण का निर्माण करें।
यह जानकारी अखिल असम भोजपुरी परिषद की शिवसागर जिला समिति के सचिव पिंटू पाठक ने एक विज्ञप्ति में दी है।




