सोनारी में शिक्षक आत्महत्या का सनसनीखेज मामला : शिवसागर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार गोगोई गिरफ्तार : कांग्रेस जिला अध्यक्ष पर गंभीर आरोप, पुलिस ने की तुरंत कार्रवाई
चराईदेव के महमोरा-बिश्रामपुर निवासी शिक्षक अवनी बरुआ ने कर्ज वसूली के लिए धमकी के बाद लिया बड़ा कदम : सुसाइड नोट में नाम लिए गए दो आरोपियों के : पुलिस ने अजय गोगोई को कोर्ट में पेश कर अधिक पूछताछ के लिए 2 दिन की रिमांड पर लिया

शिवसागर, 20 मई : ऊपरी असम के चराईदेव जिले के सोनारी क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बिश्रामपुर जातीय विद्यालय के शिक्षक और प्रसिद्ध सांस्कृतिक कार्यकर्ता अवनी बरुआ ने कथित तौर पर कर्ज चुकाने में असमर्थता के चलते कीटनाशक दवा का सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना में शिवसागर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार गोगोई और खोकामोरा के निवासी पूर्व अल्फाई बिनंद बोरा (विनय) पर गंभीर आरोप लगे हैं। दोनों पर कर्ज वसूली के लिए धमकी देने का आरोप है।
घटना का विस्तृत विवरण
बिश्रामपुर के रहने वाले अवणी बरुआ ने बीते शनिवार 16 मई को एक सुसाइड नोट लिखकर चरम कदम उठाया। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में तत्काल डिब्रुगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। जहां तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई थी। सुसाइड नोट में उन्होंने स्पष्ट रूप से शिवसागर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार गोगोई और खोकामोरा निवासी बिनंद बोरा का नाम लिया। नोट के अनुसार, दोनों ने उनसे उधार लिए गए पैसे वापस करने के लिए लगातार धमकी दी थी। अवनी बरुआ ने पेट्रोल पंप के व्यवसाय के लिए अजय कुमार गोगोई से लगभग 20 लाख रुपए की रकम उधार ली थी। लगभग दो दशक पहले अवनी बरुआ ने माहमोरा के बिश्रामपुर इलाके में प्रेरणा फ्यूल स्टेशन नामक पेट्रोल पंप खोला था। परंतु पेट्रोल पंप के व्यवसाय में आवश्यक धन की कमी को पूरा करने के लिए उन्होंने अजय कुमार गोगोई से पैसे उधर लिए थे। शिक्षक कर्ज चुकाने में असमर्थ थे, जिसके चलते उन्हें इस कदम पर मजबूर होना पड़ा।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, अवनी बरुआ न केवल एक सम्मानित शिक्षक थे बल्कि क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनकी अचानक मौत ने पूरे सोनारी और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ दी है।
पुलिस की भूमिका और कार्रवाई
मृतक अवनी बरुआ की पत्नी जया बरुवा द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर पर पुलिस ने मामले में तुरंत संज्ञान लिया। काकतिबाड़ी पुलिस थाने में केस नंबर 9/26 दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351(2) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सोनारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रात में ही सोनारी पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवसागर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार गोगोई को गिरफ्तार कर लिया। अजय कुमार गोगोई मोरान महिला महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के हेड ऑफ डिपार्टमेंट रह चुके हैं। उन्होंने 2026 के असम विधानसभा चुनाव में शिवसागर जिले के 95 डिमौ सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और हार गए थे।
दूसरे आरोपी बिनंद बोरा की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस टीमों को विभिन्न इलाकों में भेजा गया है। जांच अधिकारी घटनास्थल पर सबूत जुटा रहे हैं और सुसाइड नोट की फॉरेंसिक जांच करा रहे हैं। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों पर कर्ज वसूली के नाम पर मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने का आरोप है। मामले की जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही पूरी डिटेल्स सामने आएंगी।
सुसाइड नोट में क्या लिखा ?
सुसाइड नोट में अवनी बरुआ ने अपने कर्ज की स्थिति का जिक्र किया और स्पष्ट रूप से अजय गोगोई और बिनंद बोरा द्वारा दी गई धमकियों का उल्लेख किया। नोट में लिखा है कि उधार दिए गए पैसे वापस न कर पाने के कारण उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही थी। इस नोट को पुलिस ने महत्वपूर्ण सबूत माना है और इसे केस की जांच का आधार बनाया जा रहा है।
पुलिस की प्रेस ब्रीफिंग
बुधवार को चराईदेव जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय ने प्रेस ब्रीफिंग कर मामले की पूरी जानकारी दी। एएसपी ने बताया कि पुलिस ने मामले को बहुत गंभीरता से लिया है और जांच पूरी निष्पक्षता व तेजी से की जा रही है। एएसपी मुख्यालय ज्योति प्रसाद पेगु ने बताया कि सुसाइड नोट की प्रामाणिकता की पुष्टि हो चुकी है। नोट में स्पष्ट रूप से अजय कुमार गोगोई और बिनंद बोरा पर कर्ज वसूली के नाम पर जान से मारने की धमकी देने का उल्लेख है। अजय गोगोई को मंगलवार रात में ही सोनारी पुलिस ने शिवसागर पुलिस के सहयोग से डिमौ स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड के लिए आवेदन करेगी। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम सुसाइड नोट, मोबाइल फोन रिकॉर्ड्स, कॉल डिटेल्स और परिजनों के बयानों की जांच कर रही है। एएसपी ने जोर देकर कहा कि कोई राजनीतिक दबाव पुलिस की जांच को प्रभावित नहीं करेगा। हम केवल सबूतों के आधार पर कार्रवाई करेंगे। कर्ज संबंधी लेन-देन के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मानसिक प्रताड़ना के सबूत मिले हैं।
यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस नेता अजय गोगोई की गिरफ्तारी ने राजनीतिक हलचल भी मचा दी है। क्षेत्र के लोग शिक्षक की मौत पर दुख जता रहे हैं और कर्ज वसूली के नाम पर हो रही प्रताड़ना को लेकर सवाल उठा रहे हैं। एएसपी ने आश्वासन दिया कि रिपोर्ट तैयार होने के बाद जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इस घटना से पूरे सोनारी क्षेत्र में शोक की लहर है। शिक्षक समुदाय और स्थानीय संगठनों ने कर्ज वसूली के नाम पर हो रही प्रताड़ना पर सख्त कानून बनाने की मांग की है। कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है




