Welcome to NE NEWS 24X7   Click to listen highlighted text! Welcome to NE NEWS 24X7
https://nenews24x7.com/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifSIVASAGARक्राइमटॉप न्यूज़राज्यलोकल न्यूज़शिवसागर

शिवसागर में तेजी से बिगड़ रही कानून-व्यवस्था : चोरी-डकैती, संदिग्ध नागरिकों की गतिविधियां और ड्रग्स का अवैध कारोबार : स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल

सुकर गांव, दरबार रोड, पकाघाट, धाईआली, मरनैकिनार, अर्जुनगुरी, उलतोली और बाबूपट्टी के निवासियों ने जिला एसएसपी को सौंपा ज्ञापन : तत्काल कार्रवाई की मांग की

शिवसागर, 19 मई : ऐतिहासिक शिवसागर शहर क्रमशः अपराधियों के लिए सुरक्षित गढ़ बनता जा रहा है।शिवसागर शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति तेजी से बिगड़ रही है। भारतीय नागरिकों के रूप में रह रहे संदिग्ध लोगों की बढ़ती अवैध गतिविधियां, लगातार चोरी-डकैती की घटनाएं और बड़े स्तर पर मादक पदार्थों (ड्रग्स) का अवैध व्यापार स्थानीय लोगों में गहरी चिंता और भय पैदा कर रहा है। पूरे जिले के बड़े क्षेत्रों में अपराधों की श्रृंखला से जनता सतर्क और आतंकित हो गई है।

शिवसागर सदर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुकर गांव, दरबार रोड, पक्काघाट, धाईआली, मोरनैकिनार, अर्जुनगुरी, उलतोली, बाबूपट्टी और आसपास के अन्य इलाकों के स्थानीय निवासियों ने आज सामूहिक रूप से जिला एसएसपी कार्यालय जाकर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को हस्ताक्षरित ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संदिग्ध नागरिकों की बढ़ती संख्या के कारण चोरी, डकैती और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार हो रही हैं। साथ ही बड़े पैमाने पर ड्रग्स का अवैध व्यापार भी निर्बाध रूप से चल रहा है, जो युवाओं को बर्बाद कर रहा है और पूरे क्षेत्र के सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित कर रहा है।

इन प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों ने बताया कि एक के बाद एक हो रही अपराधिक घटनाओं से पूरा इलाका सन्न है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने एसपी से आग्रह किया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जाए और ड्रग्स माफिया पर सख्त कार्रवाई की जाए।

हाल ही में शिवसागर में कई चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें दरबार रोड क्षेत्र में घरों में सेंध लगाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी और नकदी की चोरी शामिल है। ऐसी घटनाएं सदर पुलिस स्टेशन के निकट होने के बावजूद हो रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

जनता की मुख्य मांगों में क्षेत्र में संदिग्ध नागरिकों की गतिविधियों पर तुरंत अंकुश लगाना, चोरी-डकैती की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देना, ड्रग्स के अवैध कारोबार पर पूर्ण विराम लगाने, रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग और नाकेबंदी बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग शामिल है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और पुलिस द्वारा त्वरित कदम नहीं उठाए गए तो वे और बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

शिवसागर जिले में हाल के महीनों में चोरी, लूट और मादक पदार्थों से जुड़ी घटनाओं में काफी वृद्धि देखी गई है, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। जिला प्रशासन और पुलिस से अब इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की उम्मीद की जा रही है ताकि यहां शांति और कानून का राज बहाल हो सके। जनता अब एसएसपी कार्यालय से सकारात्मक कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!