Welcome to NE NEWS 24X7   Click to listen highlighted text! Welcome to NE NEWS 24X7
ASSAMLocal NewsPOLITICSSIVASAGARSTATEWomenमहिलाराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़शिवसागर

शिवसागर नगरपालिका में राजनीतिक गतिरोध समाप्त : स्मृति रेखा दत्त ने संभाली अध्यक्ष पद की कमान : अविश्वास प्रस्ताव के बाद मृणाली कुंवर की विदाई : वार्ड नंबर 8 की पार्षद बनीं शिवसागर नगरपालिका की नई अध्यक्ष : केपीएम हॉल में अतिरिक्त जिला आयुक्त गौरीप्रिया देउरी ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ : भाजपा-अगप नेताओं सहित 11 पार्षद रहे मौजूद

39 वर्षीय स्मृति रेखा दत्त शिवसागर नगरपालिका की सबसे युवा अध्यक्ष बनी : एडीसी गौरी प्रिया देउरी ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

शिवसागर, 7 जुलाई : शिवसागर नगरपालिका में पिछले कई दिनों से जारी राजनीतिक अनिश्चितता और खींचतान का आखिरकार अंत हो गया। नगरपालिका में हुए बड़े राजनीतिक परिवर्तन के बाद आज शिवसागर शहर के केपीएम हॉल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में वार्ड नंबर 8 की पार्षद स्मृति रेखा दत्त ने शिवसागर नगरपालिका की नई अध्यक्ष के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

जिला प्रशासन की ओर से उपस्थित अतिरिक्त जिला आयुक्त गौरीप्रिया देउरी ने नवनियुक्त नगरपालिका अध्यक्ष स्मृति रेखा दत्त को शपथ दिलाई। इसके साथ ही 39 वर्षीय स्मृति रेखा दत्त शिवसागर नगरपालिका की सबसे युवा अध्यक्ष बन गई हैं।

पेशे से अधिवक्ता स्मृति रेखा दत्त भारतीय जनता पार्टी की युवा एवं सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में पहचानी जाती हैं।

4 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव के बाद बदला था नगरपालिका का समीकरण

गौरतलब है कि बीते 4 जुलाई को शिवसागर नगरपालिका कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक में तत्कालीन नगरपालिका अध्यक्ष मृणाली कुंवर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की गई थी।

बैठक के बाद बहुमत के आधार पर मृणाली कुंवर को अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। इसके बाद नगरपालिका उपाध्यक्ष संजीव बोरा को कार्यवाहक नगरपालिका अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

आज नए अध्यक्ष के शपथ ग्रहण के साथ ही नगरपालिका प्रशासन में पिछले कई दिनों से जारी अस्थिरता समाप्त हो गई।

समीर दत्त ने किया समारोह का संचालन, कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

शपथ ग्रहण समारोह का संचालन वार्ड नंबर 6 के पार्षद समीर दत्त ने किया।

कार्यक्रम में शिवसागर नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) देवब्रत शर्मा, शिवसागर जिला भाजपा अध्यक्ष बितुपन रायडोंगिया, असम गण परिषद (अगप) के जिलाध्यक्ष घोनो गोगोई, भाजपा शिवसागर नगर मंडल अध्यक्ष विश्वदीप हजारिका, नगरपालिका उपाध्यक्ष एवं कार्यवाहक अध्यक्ष रहे संजीव बोरा विशेष रूप से मंचासीन रहे।

इसके अलावा नगरपालिका पार्षदों, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने समारोह में भाग लिया।

पूर्व अध्यक्ष मृणाली कुंवर और पार्षद फौजिया नाजनीन खान रहीं अनुपस्थित

शपथ ग्रहण समारोह में पद से हटाई गई पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मृणाली कुंवर और वार्ड नंबर 13 की पार्षद फौजिया नाजनीन खान अनुपस्थित रहीं।

इनके अलावा नगरपालिका के अन्य सभी 11 पार्षदों ने कार्यक्रम में भाग लेकर नई अध्यक्ष स्मृति रेखा दत्त को शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण से पहले आयोजित पार्षदों की बैठक में अध्यक्ष पद के लिए स्मृति रेखा दत्त के नाम पर सर्वसम्मति से सहमति जताई गई।

16 जून से शुरू हुआ था राजनीतिक बदलाव का दौर

शिवसागर नगरपालिका में राजनीतिक बदलाव की शुरुआत 16 जून को हुई थी, जब तत्कालीन अध्यक्ष मृणाली कुंवर के खिलाफ सात निर्वाचित पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था।

अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पार्षदों ने नगरपालिका प्रशासन से जल्द विशेष बोर्ड बैठक बुलाकर इस मुद्दे पर फैसला लेने की मांग की थी।

इस संबंध में नगरपालिका के सीईओ देवब्रत शर्मा, तत्कालीन अध्यक्ष मृणाली कुंवर और शिवसागर जिला आयुक्त मृदुल यादव को पत्र सौंपा गया था।

इन सात पार्षदों ने किया था अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर

अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वाले पार्षदों में वार्ड नंबर 14 की भाजपा पार्षद जूली पाटर, वार्ड नंबर 12 की भाजपा पार्षद ज्योति दत्त, वार्ड नंबर 4 की भाजपा पार्षद सुरभि सैकिया, वार्ड नंबर 6 के भाजपा पार्षद समीर दत्त, वार्ड नंबर 8 की भाजपा पार्षद स्मृति रेखा दत्त, वार्ड नंबर 7 की भाजपा पार्षद बंटी हजारिका और वार्ड नंबर 3 के अगप पार्षद दीपू हजारिका शामिल थे।

बाद में अविश्वास प्रस्ताव पर निर्णय के लिए आयोजित बैठक में भाजपा के वार्ड नंबर 5 से पार्षद नवलकिशोर खंडेलिया, अगप के वार्ड नंबर 9 से पार्षद तथा पालिका के मौजूदा उपाध्यक्ष संजीव बरुआ सहित रायजोर दल के दो अन्य पार्षदों ने भी समर्थन दिया, जिसके बाद समर्थन करने वाले पार्षदों की संख्या बढ़कर 11 हो गई।

14 वार्ड वाली नगरपालिका में बदला राजनीतिक समीकरण

उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2022 में गठित शिवसागर नगरपालिका में कुल 14 वार्ड शामिल थे। नगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद ने 2 सीटें हासिल की थीं। वहीं रायजोर दल के भी 2 पार्षद बोर्ड का हिस्सा बने थे। हालांकि एक महिला पार्षद के निधन के बाद वर्तमान में निर्वाचित पार्षदों की संख्या घटकर 13 रह गई है।

शहर के विकास को प्राथमिकता देने का संकल्प

शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त नगरपालिका अध्यक्ष स्मृति रेखा दत्त ने शिवसागर शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए सभी पार्षदों के सहयोग से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष स्मृति रेखा दत्त सहित उपस्थित सभी पार्षदों ने घुटने टेककर दंडवत प्रणाम करते हुए जनता से आशीर्वाद मांगा।

शिवसागर नगरपालिका में लंबे समय से जारी राजनीतिक असमंजस समाप्त होने के बाद अब शहरवासियों की उम्मीदें नई अध्यक्ष के नेतृत्व में होने वाले विकास कार्यों पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!