रतनगढ़ में सेवा, समर्पण और मानवता का अद्भुत संगम : माहेश्वरी सभा ट्रस्ट के 39वें नि:शुल्क मोतियाबिंद जांच एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर में सैकड़ों मरीजों ने कराया परीक्षण
जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा आधुनिक तकनीक से नि:शुल्क ऑपरेशन, समाजसेवियों और चिकित्सकों की रही सक्रिय भागीदारी

न्यूज डेस्क, 27 मई : राजस्थान के रतनगढ़ शहर में सामाजिक सेवा और मानव कल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए रतनगढ़ माहेश्वरी सभा ट्रस्ट द्वारा 39वें नि:शुल्क मोतियाबिंद जांच एवं नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन माहेश्वरी भवन परिसर में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों ने आंखों की जांच करवाई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
यह शिविर माहेश्वरी सभा ट्रस्ट, शंकरा आई हॉस्पिटल एवं जिला अंधता निवारण समिति जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। ट्रस्टी एवं शिविर प्रभारी नरेंद्र झंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति धनाभाव के कारण दृष्टि से वंचित न रहे।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा मोतियाबिंद, दृष्टिदोष तथा अन्य नेत्र रोगों की जांच की गई। डेढ़ सौ से ज्यादा मरीजों की जांच के दौरान मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का चयन नेत्र लेंस प्रत्यारोपण के लिए किया गया। चयनित 40 से अधिक मरीजों को जयपुर ले जाकर आधुनिक तकनीक से बिना टांके का ऑपरेशन किया जाएगा। मरीजों के आवागमन, भोजन, दवा और रहने की व्यवस्था भी ट्रस्ट की ओर से नि:शुल्क की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शंकर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विभिन्न आयोजनों में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुरेंद्र कौशिक, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अरुण जागिड़, डॉ. प्रिया, भामाशाह रमेश चंद्र तापड़िया, मधु तापड़िया, श्वेता तापड़िया, डॉ. दीप शिखा, समाजसेवी रणजीत दुगड़, मोहनी देवी खीचड़, सरपंच विक्रमपाल एवं कमलादेवी सहित अनेक अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं पदाधिकारियों में माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष राकेश जाजू, रामोतार चांडक, महेश जाजू, नरेश पेड़ीवाल, योगेश लढ़्ढा, एडवोकेट रजनीकांत सोनी, एडवोकेट कमल सोनी, एडवोकेट पूर्णिमा लढ़्ढा, मंजू लढ़ा, सरिता चांडक, जयश्री जाजू, सुनीता झंवर, चंदा सोनी, संजू तापड़िया, आर्यमन तापड़िया सहित माहेश्वरी समाज के अनेक पदाधिकारी, महिला मंडल सदस्य, समाजसेवी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन राकेश जाजू, रामोतार चांडक एवं एडवोकेट रजनीकांत सोनी द्वारा किया गया।
शिविर के दौरान शंकरा आई हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम एवं ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने मरीजों की जांच, पंजीकरण एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था संभाली। सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों की सक्रियता और अनुशासन की सभी ने सराहना की।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि रतनगढ़ माहेश्वरी सभा ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से लगातार नेत्र चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर रहा है। पूर्व में आयोजित शिविरों में भी सैकड़ों मरीजों की जांच कर दर्जनों सफल नेत्र लेंस प्रत्यारोपण कराए जा चुके हैं। कई मरीजों को इन शिविरों के माध्यम से नई रोशनी और नया जीवन मिला है।
स्थानीय नागरिकों ने ट्रस्ट की इस जनसेवा पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। मानव सेवा को समर्पित यह आयोजन सामाजिक एकजुटता और संवेदनशीलता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।




