पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का आगाज : सुवेंदु अधिकारी समेत 6 नेताओं ने ली शपथ, ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर भव्य समारोह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी समेत भाजपा के 5 अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी आज मंत्री पद की शपथ ली

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का आगाज : सुवेंदु अधिकारी समेत 6 नेताओं ने ली शपथ, ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर भव्य समारोह
कोलकाता, 9 मई :
रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती (25 बैसाख) के दिन पश्चिम बंगाल में 15 साल पुरानी तृणमूल कांग्रेस सरकार का अंत हो गया। आज कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर भव्य शपथ ग्रहण समारोह में सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल आर.एन. रवि ने शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी समेत भाजपा के 5 अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी आज मंत्री पद की शपथ ली।

जिनमें खड़गपुर सदर से विधायक तथा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, दूसरी बार भाजपा विधायक बनीं, बंगाल भाजपा की महिला नेता आसनसोल दक्षिण से विधायक निर्वाचित हुई अग्निमित्रा पॉल, मतुआ समुदाय से ताल्लुक रखने वाले बनगांव उत्तर से विधायक अशोक कीर्तनिया, रानीबांध सीट से पहली बार विधायक बने, पेशे से सरकारी स्कूल के शिक्षक, बंगाल में भाजपा के प्रमुख आदिवासी चेहरे खुदीराम टुडू, माथाभांगा सीट से विधायक निशिथ प्रमाणिक शामिल हैं।
भावुक पल : पीएम मोदी ने 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के चरण स्पर्श किए
समारोह का सबसे यादगार क्षण तब आया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर भाजपा के 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। पीएम मोदी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
माखनलाल सरकार 1952 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान गिरफ्तार हुए थे। भाजपा गठन के बाद उन्होंने पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग में संगठन को मजबूत किया तथा सात वर्ष तक जिला अध्यक्ष का दायित्व संभाला।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित 20 भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत सैकड़ों वीआईपी मौजूद रहे।

समारोह में ममता बनर्जी को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया।
समारोह में पुरुलिया छऊ नृत्य, बाउल गीत, रवींद्र संगीत और लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां हुईं। ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर 50,000 से अधिक लोगों की बैठने की व्यवस्था, जिलेवार थीम वाले प्रवेश द्वार और भव्य सांस्कृतिक सजावट की गई।
सुवेंदु अधिकारी ने शपथ लेने के बाद कहा कि यह बंगाल के लिए नया सूर्योदय है। हम विकास, कानून-व्यवस्था, रोजगार सृजन और बंगाली संस्कृति के संरक्षण पर पूरा जोर देंगे।

2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 207 सीटें जीतीं। सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को भबानीपुर से हराया।
नई सरकार कानून-व्यवस्था सुधार, युवा रोजगार, आदिवासी विकास, मतुआ और महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देने का संकल्प ले चुकी है।
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें विभागों के बंटवारे पर चर्चा हुई। पूरी कैबिनेट का विस्तृत बंटवारा जल्द घोषित होने की संभावना है।
यह शपथ समारोह बंगाल में भाजपा सरकार के आगाज का प्रतीक है और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान को भी दर्शाता है।




