मायुम जोरहाट शाखा का भव्य अभिनंदन समारोह : न्यूयॉर्क में भारत की युवा आवाज बनने वाले जोरहाट के तरण सोनी का भव्य सम्मान : 48 मेधावी विद्यार्थियों को भी किया गया अभिनंदन

जोरहाट, 18 मई : पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच एवं मारवाड़ी युवा मंच की जोरहाट शाखा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को चैंबर रोड स्थित अपर असम चैंबर ऑफ कॉमर्स के सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में विकसित भारत युवा लीडर्स डायलॉग (VBYLD 2026) के तहत न्यूयॉर्क में भारत के युवाओं की आवाज बनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश, असम और जोरहाट का गौरव बढ़ाने वाले तरण सोनी का गर्मजोशी भरा अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में मायुम जोरहाट शाखा द्वारा तरण सोनी को पारंपरिक फुलाम गमछा, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, युवाओं और मारवाड़ी समाज के प्रतिनिधियों की भारी उपस्थिति में समारोह उत्साह, गौरव और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा।

तरण सोनी की उपलब्धि : जोरहाट से न्यूयॉर्क तक की प्रेरणादायी यात्रा
तरण सोनी असम काजिरंगा विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस (बी.कॉम ऑनर्स, 2016-19) के स्वर्ण पदक विजेता हैं। वे पर्सनल ब्रांडिंग स्ट्रैटेजिस्ट, क्रिएटिव डिजाइनर और लाइफ स्किल्स कोच के रूप में सक्रिय हैं। VBYLD 2026 में पांच मिलियन से अधिक आवेदकों में से टॉप 20 नेशनल फाइनलिस्ट में जगह बनाने वाले तरण असम के स्टेट कैप्टन बने। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के समक्ष ‘फिट भारत, हिट भारत’ थीम पर अपनी विजन प्रस्तुत की। इसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क में ECOSOC 2026 सहित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि युवा समाजसेवी तथा पूर्व पार्षद अशोक मालपानी ने कहा कि तरण सोनी ने न केवल असम बल्कि पूरे पूर्वोत्तर का नाम वैश्विक पटल पर रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का अनमोल उदाहरण बनेगी।
मंच शाखा के सलाहकार उमेश पारीक ने तरण सोनी की इस उपलब्धि को परिवार और समाज के साथ ही मारवाड़ी युवा मंच परिवार के लिए भी गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि तरण सोनी ने जोरहाट शाखा के कोषाध्यक्ष पद पर रहते हुए यह प्रेरणादायक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

मारवाड़ी युवा मंच जोरहाट के शाखाध्यक्ष अरविंद राठी ने अपने संबोधन में युवाओं से तरण सोनी जैसे व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर समाज और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
शाखा के सचिव जितेश पटवारी ने इसे जोरहाट और मारवाड़ी समाज के लिए गर्व का क्षण बताया। कार्यक्रम संयोजक कुशल सोनी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

48 मेधावी विद्यार्थियों को युवा मेधावी सम्मान
समारोह का विशेष आकर्षण इस वर्ष 10वीं एवं 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 48 मेधावी विद्यार्थियों को “युवा मेधावी सम्मान” प्रदान करना रहा। इन विद्यार्थियों को सम्मान पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। यह पहल स्थानीय स्तर पर शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कदम मानी जा रही है।

तरण सोनी का संबोधन
अपने संबोधन में तरण सोनी ने सम्मान के लिए आयोजकों और उपस्थित जनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। समाज और देश के विकास में सकारात्मक योगदान देना हमारी जिम्मेदारी है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवा ऊर्जा सबसे बड़ा माध्यम है।”

समारोह के समापन पर सभी उपस्थितों ने तरण सोनी एवं सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह कार्यक्रम जोरहाट में युवा नेतृत्व, सामाजिक जिम्मेदारी और प्रेरणा का अनुपम उदाहरण साबित हुआ।
यह सम्मान न केवल तरण सोनी की व्यक्तिगत सफलता का उत्सव है, बल्कि असम के युवाओं को वैश्विक स्तर पर चमकने की प्रेरणा भी प्रदान करता है।
समारोह में मारवाड़ी युवा मंच जोरहाट शाखा और जोड़ता प्रगति शाखा के सदस्यगण तथा शहर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही। यह जानकारी मंच के जनसंपर्क अधिकारी निरंजन बजाज ने दी है।




