Welcome to NE NEWS 24X7   Click to listen highlighted text! Welcome to NE NEWS 24X7
Uncategorized

मदर्स डे पर मारवाड़ी युवा मंच जोरहाट प्रगति शाखा का भव्य आयोजन : महिलाओं ने बचपन की यादें ताजा कर खेल, संगीत और मस्ती के साथ मनाया खास दिन

जोरहाट, 18 मई : मारवाड़ी युवा मंच की जोरहाट प्रगति शाखा द्वारा मदर्स डे के उपलक्ष्य में रविवार को शहर के होटल जी.के. पैलेस में एक भव्य एवं मनोरंजक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

गौरतलब है कि यह कार्यक्रम पहले 10 मई को आयोजित होने वाला था, लेकिन देरगांव मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष मधुसूदन कंकानी के असामयिक निधन के कारण इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। बाद में कार्यक्रम का आयोजन 17 मई को किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंच को समर्पित साथी स्वर्गीय मधुसूदन कंकानी को भावभीनी श्रदांजलि अर्पित करते हुए की गई। जिसके बाद महिलाओं के बीच विभिन्न मनोरंजक खेल, संगीत एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि सभी महिलाओं ने अपने बचपन की यादों को ताजा करते हुए पुराने पारंपरिक खेल खेले और कुछ समय के लिए स्वयं भी बच्चों की तरह मस्ती करती नजर आईं।

महिलाओं ने बचपन में खेले जाने वाले कई पारंपरिक खेलों में हिस्सा लेकर अपने पुराने दिनों को याद किया। पूरे कार्यक्रम स्थल पर हंसी, खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित महिलाओं ने इस अनोखे आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आज की व्यस्त जिंदगी में ऐसे कार्यक्रम मानसिक तनाव को दूर करने और रिश्तों में अपनापन बढ़ाने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संगीत और नृत्य ने भी सभी का भरपूर मनोरंजन किया। महिलाओं ने समूह में नृत्य कर कार्यक्रम का जमकर आनंद उठाया।

इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच जोरहाट प्रगति शाखा की अध्यक्ष लक्ष्मी सारदा ने कहा कि मदर्स डे मातृत्व, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। समाज और परिवार के लिए माताओं का योगदान अतुलनीय है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन किया गया, ताकि महिलाएं अपने लिए कुछ समय निकाल सकें और खुशी के पल एक-दूसरे के साथ बांट सकें।

कार्यक्रम में शाखा की कई सदस्याएं एवं शहर की गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन का माहौल आत्मीयता, उत्साह और उमंग से भरा रहा तथा सभी ने इस कार्यक्रम को बेहद सफल और यादगार बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!