शिवसागर के होटल में युवक का शव बरामद : दो दिनों से होटल में ठहरा था 19 वर्षीय युवक, कमरे से बाहर नहीं निकलने पर खुला राज

शिवसागर, 27 मई : शिवसागर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब शहर के एएसटीसी परिसर के समीप स्थित एक होटल के कमरे से एक युवक का शव रहस्यमयी परिस्थितियों में बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस जांच में जुट गई है।
मृत युवक की पहचान 19 वर्षीय नयनमणि गोस्वामी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक नामटी के नांवशलिया गांव का निवासी था।
जानकारी के अनुसार युवक शहर के आर्यन होटल के कमरा नंबर 107 में पिछले दो दिनों से ठहरा हुआ था। बुधवार को काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने और युवक के बाहर नहीं निकलने पर होटल प्रबंधन को संदेह हुआ। इसके बाद होटल कर्मचारियों ने कमरे की जांच की, जहां युवक को मृत अवस्था में पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। होटल प्रबंधन के अनुसार नयनमणि गोस्वामी असम की सत्रीय पारंपरिक धार्मिक नाट्य प्रस्तुति भाओना में अभिनय करने के सिलसिले में शिवसागर आया था और उसी कारण होटल में ठहरा हुआ था।
हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस होटल के कर्मचारियों, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल युवक की मौत रहस्य बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।




